newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Travel Tips: जन्माष्टमी पर मथुरा जाने का प्लान बनाएं, तो इन प्रसिद्ध चीजों का स्वाद जरूर चखें

Travel Tips: चीज जिस जगह प्रसिद्ध होती है उसका स्वाद किसी और शहर में नहीं मिल पाता। तो आइये जानते हैं मथुरा में कौन सी ऐसी चीजें हैं जिनका स्वाद कम से कम जिंदगी में एक बार तो जरूर चखा जाना चाहिए…

नई दिल्ली। वैसे तो पूरा उत्तर प्रदेश खाने पीने की चीजों के लिए मशहूर है। जन्माष्टमी का पर्व आने वाला है और जन्माष्टमी के मौके पर हम आपको श्री कृष्ण जन्मस्थली यानी मथुरा के जायके से मिलवाने जा रहे हैं। माखन चोर कान्हा की इस नगरी में बहुत सी चीजें ऐसी हैं, जिनका स्वाद इस शहर में जाने वालों को जरूर लेना चाहिए। क्योंकि जो चीज जिस जगह प्रसिद्ध होती है, उसका स्वाद किसी और शहर में नहीं मिल पाता। तो आइये जानते हैं मथुरा में कौन सी ऐसी चीजें हैं जिनका स्वाद जिंदगी में कम से कम एक बार तो जरूर चखा जाना चाहिए…

मथुरा का पेड़ा

दूध से निर्मित मथुरा के पेड़े पूरे विश्व में प्रसिद्ध हैं। कृष्ण की इस नगरी में कई प्रसिद्ध दुकानों ने सालों से पेड़ों के नीचे शरण ले रखी है। लेकिन सालों से चल रही इन दुकानों में बनने वाले पेड़ों का स्वाद जरा भी नहीं बदला है। क्योंकि यहां वृंदावन के बांके बिहारी जी को भोग लगाने की परंपरा है और इसीलिए इन पेड़ों को बड़े प्यार से बनाया जाता है।

आलू की सब्जी और स्वादिष्ट कचौड़ी

मथुरा के लोगों का दिन इसी नाश्ते से शुरू होता है। आलू की चटपटी सब्जी और आलू या दाल की कचौड़ियों के साथ परोसी जाने वाली ये डिश कई दुकानों पर ‘खस्ता कचौड़ी’ के नाम से भी मिलती है।

गरमागरम जलेबी

आमतौर पर गर्मा-गर्म जलेबी को दही या रबड़ी के साथ खाया जाता है। लेकिन मथुरा में इसे कचौड़ी वाली सब्जी के साथ परोसा जाता है। मीठे और तीखे का ये मिला-जुला स्वाद बड़ा ही दिलचस्प होता है।

मथुरा की लस्सी

कहा जाता है कि किसी समय में ब्रज में दूध की नदियां बहती थीं, ये बात यूं ही नहीं कही गई है। मथुरा के कई घरों में आज भी पाली हुई गाय मिल जाती है। यहां के शुद्ध दूध से बनी लस्सी काफी स्वादिष्ट है।

आलू का भल्ला या आलू टिक्की

मथुरा में गरम-गरम आलू की टिक्की को छोले या मटर के साथ सर्व किया जाता है, जो काफी स्वादिष्ट लगता है।

ठंडाई

आमतौर पर ठंडाई होली और शिवरात्रि के मौके पर पीने को मिलती है। लेकिन मथुरा की स्पेशल ठंडाई का मजा आप पूरे साल ले सकते हैं। यहां पर ठंडाई की कई वैरायटी मिलती है, जिसे पीने के बाद भीतर तक ताजगी महसूस होती है।