newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Tokyo Olympics: अर्जेंटीना से मिली हार के बाद पीएम मोदी ने कुछ इस तरह से बढ़ाया ‘भारत की बेटियों’ का हौसला, ट्वीट में कही ये बात

Tokyo Olympics: महिला हॉकी टीम की इस हार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टीम के साथ खड़े नजर आए और भारत की बेटियों का हौसला बढ़ाया। मैच में मिली हार के बाद पीएम मोदी ने टीम को हौसला देते हुए उनके खेल की तारीफ की।

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक में 13वें दिन महिला हॉकी के सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम से अर्जेंटीना से 2-1 से हार गई। इस हार के साथ ही गोल्ड मेडल जीतने का सपना टूट गया है। हालांकि टीम के पास अभी कांस्य पदक जीतने का मौका बना हुआ है। बता दें कि भारतीय महिला हॉकी टीम को कांस्य पदक के लिए ग्रेट ब्रिटेन से भिड़ेना है, अगर टीम जीत जाती है तो भारत के खाते में एक और कांस्य पदक शामिल हो जाएगा। वहीं महिला हॉकी टीम की इस हार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टीम के साथ खड़े नजर आए और भारत की बेटियों का हौसला बढ़ाया। मैच में मिली हार के बाद पीएम मोदी ने टीम को हौसला देते हुए उनके खेल की तारीफ की और आगे के खेल और भविष्य के लिए शुभकामानाएं दीं। इस मैच के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि, “एक चीज जिसे हम टोक्यो 2020 के लिए याद रखेंगे, वह है हमारी हॉकी टीमों का शानदार प्रदर्शन। आज और पूरे खेलों में हमारी महिला हॉकी टीम ने धैर्य के साथ खेला और शानदार कौशल दिखाया। टीम पर गर्व है। आगे के खेल और भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

इसके अलावा पीएम मोदी ने महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल और कोच सोजर्ड मारिजने से टेलीफोन पर बातचीत की भी। उन्होंने महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन पर गर्व जताया। पीएम मोदी ने उनसे कहा कि महिला टीम एथलीटों ने कड़ी मेहनत की है और इसे आगे जारी रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जीत और हार तो जीवन का हिस्सा हैं और उन्हें निराश नहीं होना चाहिए। आगे की तैयारियों में लगना चाहिए।

रवि दहिया ने पक्का किया सिल्वर मेडल

बता दें कि भारत की पुरुष हॉकी टीम भी इससे पहले सेमीफाइनल में ही अपना मैच हार गई थी। उनका मुकाबला बेल्जियम के साथ था। हालांकि हॉकी से अलग रेसलिंग में रवि कुमार दहिया ने बुधवार को भारत को अच्छी खबर दी। बता दें कि भारत के लिए पहलवान रवि कुमार दहिया ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में कजाकिस्तान के नुरिस्लाम सनायेव को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही भारत के लिए पहला सिल्वर मैडल पक्का हो गया है। भारत के लिए टोक्यो ओलंपिक के मंच से यह बड़ी उपलब्धि है।

Ravi Kumar Dahiya

लवलीना बोरगोहेन को मिला कांस्य पदक

वहीं इससे पहले आज भारतीय बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन को सेमीफाइनल मुकाबले में तुर्की की मुक्केबाज बुसेनाज सुरमेनेली से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि हार के बाद भी भारत को इस मुकाबले में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।