
नई दिल्ली। आईपीएल 2023 टूर्नामेंट का अंत हो चुका है। आईपीएल के फाइनल मुकाबले में धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने हार्दिक पंड्या की गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर विनर का ख़िताब अपने नाम कर लिया। इसी के साथ धोनी की टीम आईपीएल में पांच बार ख़िताब अपने नाम करने वाली टीम भी बन गयी। आईपीएल का ये सीजन काफी दिलचस्प रहा। कई बेहतरीन मुकाबले देखने को मिले। 59 दिनों तक चले 74 मैचों के इस टूर्नामेंट में कई खास पल भी देखने को मिले। आईपीएल 2023 संस्करण की शुरुआत ही जबरदस्त हुई। जब ओपनिंग सेरेमनी में लाखों लोगों से खचाखच भरे स्टेडियम में सिंगिंग लीजेंड अरिजीत सिंह ने महेंद्र सिंह धोनी के पैर छुए थे। इसके अलावा भी आईपीएल का ये सीजन और भी कई कारणों से यादगार रहा। तो चलिए आपको बताते हैं आईपीएल 2023 के कुछ हसीन लम्हें।
1. अरिजीत ने छुए धोनी के पैर
जैसा की हम सभी जानते हैं महेंद्र सिंह धोनी सबसे ज्यादा पसंद किये जाने वाले क्रिकेटरों में से एक हैं। दुनिया भर में धोनी के करोड़ों प्रशंशक हैं। संगीत की दुनिया के सुपरस्टार अरिजीत सिंह भी धोनी के कायल हैं। ऐसे में आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी में जब अरिजीत परफॉर्म करने आये और उनकी नजर अपने पसंदीदा क्रिकेटर पर पड़ी तो अरिजीत खुद को रोक नहीं पाए और जाकर धोनी के पैर छू लिए। धोनी और अरिजीत का ये जादुई पल कैमरे में कैद हो गया,जिसे लोगों ने जमकर सराहा। अपने-अपने क्षेत्र के दोनों महारथियों की ये मुलाकात क्रिकेट प्रेमियों को हमेशा याद रहेगी।
2. मैदान पर भिड़े कोहली-गंभीर और नवीन
ये मामला आईपीएल के इस संस्करण में भिड़े लखनऊ और बंगलौर का है। पहले बैटिंग करते हुए जब विराट की टीम ने 126 रन बनाए तब लखनऊ की टीम चेज करने के लिए मैदान पर उतरी और मैच के 17वें ओवर में पूरा मामला शुरू हुआ। मामले की शुरुआत हुई जब विराट स्टंप के पीछे से दौड़ते हुए आये और लखनऊ के खिलाड़ी नवीन उल हक़ को देखकर कुछ इशारा किया। विराट के इशारे के बाद अफगानिस्तान के नवीन भी उनके पास आकर खड़े हो गए और दोनों में बहस शुरू हो गयी। इस बहस के दौरान विराट ने अपने जूते की तरफ भी इशारा किया और उसमें से मिट्टी निकाली। विराट को देखकर ऐसा लगा मानो वो औकात की बात कर रहे हों। इसके बाद अमित मिश्रा बीच-बचाव की कोशिश में आये और उनसे भी कोहली की बहस शुरू हो गयी। बाद में जब बंगलौर की जीत के बाद खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे तभी कोहली ने नवीन से कुछ कहा। दोनों की फिर बहस हुई। तभी गंभीर आये और विराट को दूर लेकर गए और यहां दोनों के बीच विवाद हुए। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को सोशल मीडिया तक से ब्लॉक कर दिया।
3. धोनी ने दिया गावस्कर को ऑटोग्राफ
आईपीएल 2023 में 14 मई को चेन्नई और कोलकाता के बीच खेले गए मैच के दौरान एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला जब मैच के बाद महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर कमेंट्री बॉक्स से धोनी की तरफ भागते हुए आये और एक शर्ट पर ऑटोग्राफ की मांग करने लगे। जिसे देख धोनी भी मुस्कुराने लगे और उन्होंने गावस्कर को ऑटोग्राफ दिया।