
नई दिल्ली। पूर्व क्रिकेटर अरुण लाल 66 साल की उम्र में एक बार फिर शादी के बंधन में बंधे हैं। अरुण लाल ने खुद से 5 या 10 साल छोटी नहीं बल्कि 28 साल छोटी लड़की से शादी की है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो उनकी दुल्हन बुलबुल साहा (Bulbul Saha) 38 साल की है। इस हिसाब से देखा जाए तो उनकी और अरुण लाल की उम्र में 28 साल का फर्क है। सोशल मीडिया पर अब इस शादी की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग जमकर दोनों को इस शादी के लिए बधाई भी दे रहे हैं।
वायरल हो रही तस्वीरों में अरुण लाल और बुलबुल साहा दोनों को ही खुश देखा जा सकता है। एक तस्वीर में तो अरुण लाल अपनी नई नवेली दुल्हन को किस करते हुए भी नजर आ रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, अरुण लाल की दुल्हन बुलबुल साहा पेशे से स्कूल शिक्षिका हैं। वहीं इस शादी से पहले ही अरुण लाल अपनी पहली पत्नी के साथ तलाक ले चुके हैं। ये अरुण लाल की दूसरी शादी है। बताया ये भी जा रहा है कि अरुण लाल ने पहली पत्नी की सहमति के बाद ही दूसरी शादी की है।
बंगाल रणजी ट्रॉफी टीम के कोच हैं अरुण
पूर्व भारतीय ओपनर अरुण लाल फिलहाल बंगाल रणजी ट्रॉफी टीम के कोच हैं। अरुण की देखरेख में बंगाल की टीम ने 13 साल के लंबे समय के बाद साल 2020 में रणजी ट्रॉफी फाइनल में जगह बनाई थी। टीम ने मौजूदा सत्र में लगातार 3 जीत से 18 अंक के साथ अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की है।
ऐसा रहा है क्रिकेट का करियर
क्रिकेट करियर की बात करें, तो अरुण लाल ने 16 टेस्ट में 6 हाफ सेंचुरी की मदद से 729 रन बनाए हैं। जबकि 13 वनडे में अरुण लाल ने एक अर्धशतक के दम पर 122 रन बनाए। अरुण लाल के नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 156 मैचों में 10421 रन भी दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 30 शतक और 43 अर्धशतक जड़े। बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि अरुण लाल कैंसर को भी मात दे चुके हैं।