newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Cricket: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव को पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल में भर्ती

Cricket: रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि कपिल देव (Kapil Dev) की एंजियोप्लास्टी की गई है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। कहा जा रहा है की सीने में दर्द के बाद उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। हार्ट में ब्लॉकेज के चलते उनकी एंजियोप्लास्टी हुई है। कपिल देव 61 साल के हैं।

नई दिल्ली। भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव को दिल का दौरा पड़ने की खबर आ रही है। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल का दौरा पड़ने की खबर जैसे ही कपिल की सामने आई भारतीय क्रिकेट फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने की दुआ करने लगे हैं। रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि कपिल देव की एंजियोप्लास्टी की गई है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। कहा जा रहा है की सीने में दर्द के बाद उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। हार्ट में ब्लॉकेज के चलते उनकी एंजियोप्लास्टी हुई है। कपिल देव 61 साल के हैं।

इससे पहले लॉकडाउन में कपिल देव का नया लुक सामने आया था। उन्होंने सिर के पूरे बाल कटवा लिए थे। लेकिन उन्होंने दाढ़ी नहीं हटाई थी। इस कारण वे बिल्कुल नए अंदाज में दिख रहे थे।

साल 1978 में पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले कपिल देव की कप्तानी में भारतीय टीम ने पहली बार साल 1983 में वर्ल्ड कप जीता था। कपिल देव की गिनती दुनिया के शानदार ऑलराउंडरों में होती है। कपिल देव भारत की ओर से 131 टेस्ट मैचों में 5,248 रन बनाने के अलावा 434 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। कपिल ने न्यूजीलैंड के रिचर्ड हैडली के सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड को तोड़ा था। भारत की तरफ से टेस्ट में अनिल कुंबले के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड कपिल के नाम ही है। टेस्ट में उनके नाम 5 हजार से ज्यादा रन हैं। इस दौरान उन्होंने 8 शतक भी लगाए थे। कपिल देव के नाम 225 वनडे मैचों में 3,783 रन और 253 विकेट भी दर्ज हैं। उनकी कप्तानी में भारत को कई यादगार जीत मिली थी।

37 साल पहले भारत ने पहली बार कपिल देव की कप्तानी में वर्ल्ड कप पर कब्जा किया था। भारतीय टीम ने कपिल देव की अगुवाई में वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीम को 43 रनों से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने महज 183 रन बनाए थे लेकिन वेस्टइंडीज की मजबूत टीम जवाब में सिर्फ 140 रनों पर सिमट गई थी।