
नई दिल्ली। वो भी क्या मनहूस घड़ी थी, जब खबर आई कि भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत का रूड़की अपने घर जाते वक्त एक्सीडेंट हो गया। जैसे ही यह खबर आई तो सभी पंत को लेकर चिंतित हो गए। दुर्घटनाग्रस्त हुए पंत को दहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद अब उनकी हालत स्थिर है। उन्हें जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। इस हादसे में पंत गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके घुटने, पैर और पीठ में चोट आई। पीठ पूरी तरह से छिल गया है।
बता दें कि पंत की गाड़ी अनियंत्रित होने की वजह से डिवाइर से टकरा गई थी, जिसके बाद गाड़ी में आग लग गई। पंत गाड़ी का शीशा तोड़ बाहर की तरफ कूद पड़े। वे पीठ के बल कूदे जिससे उनका पीठ छिल गया। हालांकि, डॉक्टरों ने पंत के पीठ पर आई चोट को ज्यादा गंभीर नहीं बताया है। पंत के घुटनों में चोट आई है। गहन जांच के लिए खिलाड़ी का एमआरआई और एक्स रे किया गया। लेकिन मीडिया में जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया है। उधर, पंत के प्रशंसक उनके स्वस्थ्य होने की कामना कर रहे हैं।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंत के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पंत की मां से भी फोन पर बात की। पीएम मोदी ने पंत के जल्द से जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है। वहीं, पंत से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो पंत और धवन के बातचीत से जुड़ा हुआ है। वीडियो में पंत धवन से खुद के लिए सुझाव मांगते हुए नजर आ रहे हैं, जिस पर धवन कहते हैं कि गाड़ी धीरे चलाया कर। पंत इस सुझाव पर ठहाके मारकर हंसते हैं। दरअसल, इससे पहले भी पंत तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए देखे जा चुके हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए उनके सीनियर खिलाड़ी उन्हें कम रफ्तार में गाड़ी चलाने का सुझाव देते आए हैं।
सीनियर्स की बात मान लेनी चाहिए… pic.twitter.com/uMk4RUO0xN
— Abhinav Pandey (@Abhinav_Pan) December 30, 2022
पंत के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अब यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर फैंस भी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नजर आ रहे हैं। सभी कह रहे हैं कि काश अपने सीनियर की बात मान ली होती। वहीं, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पंत के उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा उठाए जाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने जल्द से जल्द उनके स्वस्थ्य होने की कामना की है। बता दें कि पंत रूडकी अपने घर अपनी मां को सरप्राइस देने जा रहे थे, लोकिन इस बीच यह हादसा हो गया। फिलहाल, पूरा देश पंत के स्वस्थ्य होने की कामना कर रहा है।