
चेन्नई। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में आज भारत का मुकाबला मलेशिया से होगा। भारतीय हॉकी टीम ने शुक्रवार को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल के एकतरफा मुकाबले में जापान को 5-0 से रौंद दिया था। इस मैच में जापान के खिलाफ आकाशदीप सिंह ने 19वें, कैप्टन हरमनप्रीत सिंह ने 23वें, मनदीप सिंह ने 30वें, सुमित ने 39वें और कार्थी सेल्वम ने 51वें मिनट में गोल दागे थे। मलेशिया से मुकाबले की बात करें, तो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के ग्रुप स्टेज में भारत पहले मलेशिया को 5-0 से मात दे चुका है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल में भारतीय हॉकी टीम ने 5वीं बार जगह बनाई।
जापान से हुए मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम के कैप्टन हरमनप्रीत ने 8वां गोल किया। इस तरह एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में सबसे ज्यादा गोल का खिताब फिलहाल हरमनप्रीत के पास है। आज मलेशिया के खिलाफ फाइनल मैच में हरमनप्रीत की हॉकी स्टिक से और भी गोल दागे जाने की उम्मीद हॉकी के फैंस को है। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी को भारतीय हॉकी टीम पहले 3 बार जीत चुकी है। पिछली बार भारतीय हॉकी टीम ने ये खिताब 2018 में पाकिस्तान के साथ संयुक्त रूप से जीता था। इससे पहले 2016 और 2011 में भी हॉकी टीम ने भारत को खिताब दिलाया था। इस बार भारतीय हॉकी टीम अगर फाइनल जीती, तो ये उसका इस चैंपियनशिप में चौथा खिताब होगा। देखिए जापान पर भारत के गोल का वीडियो। इस शानदार वीडियो को खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया है।
𝐈𝐍𝐓𝐎 𝐓𝐇𝐄 𝐅𝐈𝐍𝐀𝐋𝐒 ✌️
Another thumping clean sheet victory from our #MenInBlue 🏑🇮🇳 at the #AsianChampionsTrophy to enter the final for the record 5th time💪💪
🇮🇳 5 – 0 🇯🇵
The goal 🥅🏆 is not far, boys!!
All the best for tomorrow, #INDvsMAS 👍#HACT2023 pic.twitter.com/oc8VKMfD6Y— Anurag Thakur (@ianuragthakur) August 11, 2023
शुक्रवार को जापान से हुए सेमीफाइनल मैच में भारतीय हॉकी टीम ने मैच शुरू होते ही प्रतिद्वंद्वी टीम पर शिकंजा कस दिया। जापान के खिलाड़ी गेंद को अपनी स्टिक पर लेने में नाकाम होते दिखे। भारतीय हॉकी टीम ने जापान के गोलपोस्ट पर एक के बाद एक धावा बोला। भारतीय टीम की डिफेंस को जापान के खिलाड़ी भेद नहीं सके। अगर आज भारत के खिलाफ फाइनल खेलने वाले मलेशिया की बात करें, तो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता में वो पहली बार फाइनल में पहुंची है। पहले सेमीफाइनल में मलेशिया ने साउथ कोरिया को 6-2 के अंतर से हराया था।