newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Indian Archery Team Event At Paris Olympic: पेरिस ओलंपिक में आज भारत की महिला और पुरुष तीरंदाजी टीमें दिखाएंगी दमखम, दीपिका कुमारी और तरुणदीप राय समेत इन 6 खिलाड़ियों पर सबकी नजर

Indian Archery Team Event At Paris Olympic: पेरिस ओलंपिक में भारत की तीरंदाजी टीम का पहला मुकाबला वीमेंस इंडिविजुअल रैंकिंग राउंड का होगा। इस स्पर्धा में कुल 64 महिला तीरंदाज होंगी। वहीं, मेंस इंडिविजुअल रैंकिंग राउंड में भी 64 तीरंदाजों के बीच मुकाबला होना है।

पेरिस। पेरिस ओलंपिक की आधिकारिक शुरुआत तो शुक्रवार 26 जुलाई से होगी, लेकिन इसकी कुछ स्पर्धाएं आज से ही चलेंगी। पेरिस ओलंपिक 2024 की इन स्पर्धाओं में तीरंदाजी भी है। तीरंदाजी की स्पर्धाओं में भारत की महिला और पुरुष टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं। भारतीय तीरंदाजी टीम में 3 पुरुष और 3 महिला हैं। पुरुष तीरंदाजी टीम का नेतृत्व तरुणदीप राय और महिला टीम का नेतृत्व दीपिका कुमारी कर रही हैं।

पेरिस ओलंपिक में भारत की तीरंदाजी टीम का पहला मुकाबला वीमेंस इंडिविजुअल रैंकिंग राउंड का होगा। इस स्पर्धा में कुल 64 महिला तीरंदाज होंगी। भारत की दीपिका कुमारी, भजन कौर और अंकिता भगत इस स्पर्धा में हिस्सा लेने जा रही हैं। भारतीय वक्त के मुताबिक दोपहर 1 बजे तीरंदाजी का ये दिलचस्प मुकाबला होगा। वहीं शाम को पौने 6 बजे तीरंदाजी का मेंस इंडिविजुअल रैंकिंग राउंड स्पर्धा होगी। इसमें भी 64 तीरंदाज हिस्सा लेंगे। इनमें भारत के तरुणदीप राय, प्रवीण जाधव और धीरज बोममादेवरा भी शामिल हैं। महिला और पुरुष तीरंदातों की रैंकिंग राउंड के बाद तय होगा कि भारत की टीमों को व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में क्या सीडिंग मिलती है। तीरंदाजी में पहले 4 स्थान पर रहने वाली टीमें क्वॉर्टर फाइनल में जाएंगी। वहीं, 8वीं से 12वीं रैंक वाली टीमें क्वॉर्टर फाइनल में जाने के लिए एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी।

 

पेरिस ओलंपिक में भारतीय तीरंदाजों से बहुत उम्मीद है। दीपिका कुमारी वर्ल्ड नंबर वन रही हैं। तरुणदीप चौथी बार ओलंपिक गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, प्रवीण जाधव का ये दूसरा ओलंपिक है। इस तरह देखा जाए, तो भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ी हैं और वे मेडल के लिए पहले भी जी-जान लगाते दिखे हैं। भारत ने इस बार भी ओलंपिक में बड़ी टीम भेजी है। इस बार भी ओलंपिक से भारत को कई मेडल की उम्मीद है। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 1 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए थे।