newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Pakistan Hockey Team Will Come To India For Asia Cup : हॉकी एशिया कप में हिस्सा लेने भारत आएगी पाकिस्तान की टीम, खेल मंत्रालय को आपत्ति नहीं

Pakistan Hockey Team Will Come To India For Asia Cup : हॉकी एशिया कप का आयोजन बिहार के राजगीर में 27 अगस्त से 7 सितंबर के बीच किया जाएगा। एशिया कप के अलावा इसी साल नवंबर-दिसंबर में तमिलनाडु में होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप में भी पाकिस्तान की टीम को खेलने की अनुमति दी जा सकती है।

नई दिल्ली। हॉकी एशिया कप में हिस्सा लेने पाकिस्तान की टीम भारत आएगी। भारतीय खेल मंत्रालय को इस पर कोई आपत्ति नहीं है। हॉकी एशिया कप का आयोजन बिहार के राजगीर में 27 अगस्त से 7 सितंबर के बीच किया जाएगा। एशिया कप के अलावा इसी साल नवंबर-दिसंबर में तमिलनाडु में होने वाले जूनियर हॉकी विश्व कप में भी पाकिस्तान की टीम को खेलने की अनुमति दी जा सकती है। खेल मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, भारत में होने वाले हॉकी एशिया कप में पाकिस्तान टीम के खेलने आने पर हमें कोई आपत्ति नहीं है। इसका कारण बताते हुए खेल मंत्रालय ने कहा है कि यह एक बहुराष्ट्रीय (मल्टी नेशन) आयोजन है।

हालांकि, खेल मंत्रालय की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि वीजा से संबंधित मामले विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इसलिए इस संबंध में उनका निर्णय अंतिम माना जाएगा। इससे पहले इस बात की संभावना जताई जा रही थी कि संभवत: एशिया कप के लिए पाकिस्तान की टीम को भारत आने की अनुमति न मिले। मगर अब खेल मंत्रालय ने इस बात पर कुछ हद तक विराम लगा दिया है।

खेल मंत्रालय की ओर से रूस और यूक्रेन के बीच संबंधों का हवाला देते हुए कहा गया है कि दोनों देशों के बीच एक-दूसरे से युद्ध चल रहा है लेकिन उनकी टीमें मल्टी-नेशन इवेंट्स में हिस्सा लेती हैं। खेल मंत्रालय के सूत्र ने कहना है कि बाइलेटरल टूर्नामेंट का मामला अलग होता है, जहां सिर्फ दो टीमें हिस्सा लेती हैं। इंटरनेशनल मल्टी नेशन इवेंट्स में हम प्रतिस्पर्धा से पीछे नहीं हट सकते। हॉकी एशिया कप में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, साउथ कोरिया समेत 8  टीमें हिस्सा लेंगी। मेजबान होने के चलते भारत की टीम पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है। भारतीय हॉकी टीम अब तक तीन बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर चुकी है।