newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

President Draupadi Murmu And PM Narendra Modi Congratulated Manu Bhaker And Sarabjot Singh : मनु भाकर और सरबजोत सिंह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई, दोनों खिलाड़ियों के पिता खुशी से गदगद

President Draupadi Murmu And PM Narendra Modi Congratulated Manu Bhaker And Sarabjot Singh : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि एक ही ओलंपिक में दो मेडल जीतकर इतिहास रचने वाली मनु ने हमें बेहद गौरवान्वित किया है। मैं मनु और सरबजोत सिंह को भविष्य में और अधिक उपलब्धि हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, मनु और सरबजोत ने शानदार कौशल और टीम वर्क दिखाया है। मनु के लिए, यह उनका लगातार दूसरा ओलंपिक पदक है, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता और समर्पण को दर्शाता है।

नई दिल्ली। भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने ओलंपिक में इतिहास रच दिया है। एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली मनु (आजादी के बाद की) भारत की पहली एथलीट हैं। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम प्रतिस्पर्धा में मनु भाकर और सरबजोत सिंह की जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीत कर देश का मान बढ़ाया है। मनु इससे पहले 10 मीटर एयर पिस्टल में महिलाओं के एकल वर्ग में भी ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। मनु भाकर और सरबजोत सिंह के इस जबर्दस्त प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनको बधाई दी है। वहीं इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने पर इन दोनों खिलाड़ियों के पिता गदगद हैं और खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर अपने बधाई संदेश में लिखा, शूटिंग की मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। मनु भाकर ने एक ही ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज बनकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने हमें बेहद गौरवान्वित किया है। मैं मनु और सरबजोत सिंह को भविष्य में और अधिक उपलब्धि हासिल करने की शुभकामनाएं देती हूं।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए लिखा, हमारे निशानेबाज हमें गौरवान्वित करते रहेंगे। मनु और सरबजोत इन दोनों ने शानदार कौशल और टीम वर्क दिखाया है। भारत अविश्वसनीय रूप से प्रसन्न है। मनु के लिए, यह उनका लगातार दूसरा ओलंपिक पदक है, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता और समर्पण को दर्शाता है।

उधर, मनु भाकर के पिता राम किशन भाकर ने कहा, ये बहुत बड़ी खुशखबरी है और इसके लिए मैं देशवासियों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इतना प्यार और आर्शीवाद दिया तथा मनु की मदद की। हम उम्मीद करते हैं कि वो आगे और अच्छा करेगी। सरबजोत सिंह के पिता जितेंद्र सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मनु भाकर और मेरे बेटे ने देश के लिए कांस्य पदक जीता है। मनु भाकर और उनके परिवार को हार्दिक बधाई। हम खुश हैं, सबसे पहले, मैं गुरुद्वारा जाऊंगा और मत्था टेकूंगा। हमारे गाँव में इस खुशी के लिए जश्न मनाया जाएगा।