newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

IPL 2024 Punjab Kings Vs Delhi Capitals : पंजाब किंग्स की जीत के साथ शुरुआत, दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से दी मात

IPL 2024 Punjab Kings Vs Delhi Capitals : पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। दिल्ली ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 174 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 19.2 ओवर में 6 विकेट गंवाकर जीत हासिल कर ली।

नई दिल्ली। आईपीएल के नए सीजन में जीत से शुरुआत करते हुए पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से मात दी। आईपीएल 2024 का दूसरा मैच आज पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच चंडीगढ़ स्थित महाराजा यदाविंद्र सिंह स्टेडियम में खेला गया। ये पंजाब किंग्स का नया होम ग्राउंड है। इससे पहले मोहाली पंजाब टीम का होम ग्राउंड था। इस मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 174 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब ने 4 गेंद रहते 6 विकेट गंवाकर टारगेट हासिल कर लिया। सैम करेन ने अर्धशतक लगाया। वहीं, लियाम लिविंगस्टोन ने 21 गेंद में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 38 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने छक्का लगाकर मैच खत्म किया। पंजाब ने आईपीएल के 17वें सीजन का आगाज जीत के साथ किया। जबकि कमबैक मैच में ऋषभ पंत को हार का मुंह देखना पड़ा। पंत ने चोट से उबरने के 14 महीने बाद वापसी की और दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी कर रहे हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए पारी की शुरुआत डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने की। दोनों ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने दिल्ली को शानदार शुरुआत दिलाई। वॉर्नर ने 21 गेंद पर 29 रन की पारी खेली और मार्श ने 12 गेंद में तूफानी पारी खेलते हुए 20 रन बनाए। ऋषभ पंत काफी समय बाद वापसी कर रहे थे, लेकिन वो 13 गेंद में 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शे होप ने भी 25 गेंद में 33 रन का योगदान दिया, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभावित अभिषेक पोरेल ने किया। अभिषेक ने केवल 10 गेंद में 32 रन ठोक डाले, जिनमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्होंने पारी के 20वें ओवर में हर्षल पटेल की गेंदों पर 25 रन बनाए।

शिखर धवन ने पंजाब किंग्स को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 16 गेंद में 22 रन बनाए, लेकिन जॉनी बेयरस्टो 3 गेंद में 9 रन बनाकर रन आउट हो गए। मिडिल ओवरों में पंजाब की रन गति काफी कम रही और लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे। प्रभसिमरन सिंह ने 17 गेंद में 26 रन बनाए, लेकिन सैम कर्रन की सूझबूझ भरी पारी ने पंजाब किंग्स को मैच में बनाए रखा। उन्होंने 47 गेंद में 63 रन की पारी खेली। इस बीच खलील अहमद ने 19वें ओवर में लगातार 2 विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया। पंजाब किंग्स ने अंत में लियाम लिविंगस्टोन की 21 गेंद में 38 रन की पारी की बदौलत 4 विकेट से जीत दर्ज की।