newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ind Vs Eng Lords Test Second Day Ball Controversy : लॉर्ड्स टेस्ट में गेंद को लेकर हंगामा, शुभमन गिल की अंपायर से बहस, मोहम्मद सिराज भी भड़के

Ind Vs Eng Lords Test Second Day Ball Controversy : इंग्लैंड की पारी के 91वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए भारतीय बॉलर मोहम्मद सिराज ने अंपायर से गेंद के बदले हुए आकार को लेकर शिकायत की। अंपायर ने गेंद को चेक किया और इसे बदलने को राजी हो गए। जब अंपायर के पास गेंदों का डिब्बा लाया गया तो उसमें से जो गेंद उन्होंने चुनी वो भारतीय कप्तान को समझ में नहीं आई।

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे लॉर्ड्स टेस्ट मैच के दूसरे दिन आज गेंद को लेकर विवाद हो गया। भारतीय कप्तान शुभमन गिल अंपायर के फैसले से नाखुश दिखे जिसके बाद दोनों के बीच मैदान पर बहस भी हुई। गिल इस दौरान काफी गुस्से में नजर आए। उन्होंने अंपायर के हाथ से गेंद छीन ली। वहीं भारत के गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी बदली हुई गेंद को देखकर नाराज हो गए। इससे पहले हेडिंग्ले टेस्ट में भी गेंद की शेप को लेकर भारतीय उपकप्तान ऋषभ पंत की अंपायर से बहस हो गई थी।

दरअसल हुआ यह कि इंग्लैंड की पारी के 91वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए भारतीय बॉलर मोहम्मद सिराज ने अंपायर से गेंद के बदले हुए आकार को लेकर शिकायत की। अंपायर ने गेंद को चेक किया और इसे बदलने को राजी हो गए। जब अंपायर के पास गेंदों का डिब्बा लाया गया तो उसमें से जो गेंद उन्होंने चुनी वो भारतीय कप्तान गिल को समझ में नहीं आई। गिल ने कहा कि यह गेंद कहीं से भी 10-11 ओवर पुरानी नहीं लग रही, मगर अंपायर ने उनकी बात को अनसुना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।

उधर जब मोहम्मद सिराज ने गेंद देखी तो उन्होंने भी सवालिया लहजे में पूछा कि यह गेंद 10 ओवर पुरानी है, सच में? बता दें कि मैच के पहले दिन 80 ओवर के बाद भारतीय टीम ने नई गेंद ली थी। मगर सिर्फ 10 ओवर के बाद गेंद का आकार बिगड़ गया। नियम के अनुसार जिस गेंद को बदला जाता है, उसके बदले जो गेंद ली जाती है उससे उतने ही ओवर फेंके गए हों जितने पुरानी गेंद से फेंके गए थे। जब गेंदों का डिब्बा अंपायर के पास लाया जाता है तो उसमें से कौन सी गेंद लेनी है यह फैसला अंपायर के द्वारा ही किया जाता है।