
नई दिल्ली। भारत की टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया। गिल ने 312 गेंदों में 200 रनों का आंकड़ा छुआ इसमें उन्होंने 21 चौके और 2 छक्के लगाए। गिल ने अपने टेस्ट करियर की पहली डबल सेंचुरी के साथ कई रिकॉर्ड भी बनाए। गिल टेस्ट क्रिकेट में विदेशी धरती पर सबसे लंबी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। साथ ही इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले वो सबसे युवा खिलाड़ी हैं। इसी के साथ शुभमन गिल इंग्लैंड में डबल सेंचुरी लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान भी हो गए हैं। एजबेस्टन के मैदान पर गिल से पहले अभी तक किसी भारतीय ने दोहरा शतक नहीं लगाया है, यह भी एक रिकॉर्ड है।
इंग्लैंड में टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले शुभमन गिल तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। गिल से पहले सुनील गावस्कर और राहुल द्रविड़ यह कारनामा कर चुके हैं। शुभमन गिल ने इंग्लैंड में सबसे बड़ी पारी खेलने का सुनील गावस्कर का 221 रनों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। शुभमन गिल ने विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया। कोहली ने बतौर कप्तान जुलाई 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉर्थसाउंड टेस्ट में 200 रन बनाए थे। खबर लिखे जाने तक भारत ने 500 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। शुभमन गिल 230 रन बनाकर मैदान पर डटे हुए हैं। उनके साथ सुंदर क्रीज पर हैं।
रवींद्र जडेजा ने भी बनाया विश्व रिकॉर्ड
भारत के जबर्दस्त ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा आज हालांकि अपने शतक से चूक गए मगर उन्होंने विश्व रिकॉर्ड बना दिया। जडेजा ने 89 रनों की शानदार पारी खेली और इसी के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में में 2000 रन पूरे हो गए। डब्ल्यूटीसी के इतिहास में 2010 रन बनाने और 100 विकेट लेने वाले जडेजा दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।