
कोलकाता। वर्ल्ड कप में आज भारत और दक्षिण अफ्रीका का कोलकाता में मुकाबला है। भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं, लेकिन फिर भी आज का मुकाबला इस वजह से अहम है क्योंकि भारत की टीम ने अब तक के सभी मैच जीते हैं और वो विजयरथ को आगे भी दौड़ाने की चाह रखती है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका भी चाहेगी कि वो भारत पर जीत दर्ज करे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के आज होने वाले मैच के नतीजे तो दोपहर 2 बजे से मैच शुरू होने के बाद पता चलेंगे, लेकिन फिलहाल हम आपको बता देते हैं कि आज का मैच दोनों टीमें पूरा खेल सकेंगी, या मौसम इसमें अड़चन बन सकता है।
कोलकाता में आज मौसम की भविष्यवाणी की बात करें, तो सुबह धूप खिली है, लेकिन दोपहर डेढ़ बजे जब टॉस होगा, तो ईडन गार्डन्स मैदान के ऊपर घने बादल घिर सकते हैं। इसके अलावा मौसम की भविष्यवाणी ये भी बता रही है कि कोलकाता में दोपहर तक आर्द्रता भी 54 फीसदी तक जा सकती है और तापमान 33 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। अगर बारिश की बात करें, तो घने बादल होने पर भी बारिश होने की संभावना महज 5 फीसदी ही जताई गई है। मौसम की भविष्यवाणी कहती है कि कोलकाता में शाम होने पर आर्द्रता बढ़कर 67 फीसदी हो जाएगी और तापमान भी 26 डिग्री पर आ जाएगा। शाम तक बादल भी कम हो जाएंगे। ऐसे में भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों को अपना पूरा हुनर दिखाने का मौका मौसम आज देने जा रहा है। यानी फैंस ईडन गार्डन्स में दोनों टीमों के बीच पूरा मैच देखने और अपने पसंद के खिलाड़ियों और टीम के पक्ष में चीयर अप कर सकेंगे। आज भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का जन्मदिन भी है। ऐसे में विराट के फैंस उनसे शानदार पारी की अपेक्षा कर रहे हैं।

वर्ल्ड कप के इतिहास की बात करें, तो आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच छठा मैच होने जा रहा है। अब तक खेले गए 5 मैचों में से दक्षिण अफ्रीका की टीम 1992, 1999 और 2011 में भारत पर भारी पड़ी थी। वहीं, भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 2 बार 2015 और 2019 में मात दी थी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पिछले 5 वनडे मैचों की बात करें, तो 2022 में भारत ने अक्टूबर 2022 में दक्षिण अफ्रीका को 2 मैचों में 7 विकेट से मात दी थी। जबकि, दक्षिण अफ्रीका ने अपने घर में हुए तीन मुकाबले भारत से जीत लिए थे। इस वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका की टीम बहुत मजबूत होकर उभरी है। ऐसे में आज भारत के साथ उसका कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है।