
दोहा। फीफा विश्व कप 2022 के तीसरे प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गत चैंपियन फ्रांस ने पोलैंड को 3-1 से करारी शिकस्त दी है। उसके लिए मैच में युवा स्टार किलियन एम्बाप्पे ने दो गोल दागे। अनुभवी ओलिवर जिरूड ने एक गोल किया। फ्रांस विश्व कप इतिहास में नौवीं बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है। वहीं, पोलैंड का 1982 के बाद अंतिम-8 में जाने का सपना टूट गया। दुनिया के स्टार स्ट्राइकर और पोलैंड के कप्तान रॉबर्ट लेवनडॉस्की इस मैच में पेनल्टी पर एक गोल करने में कामयाब रहे।
Previous Updates-
कतर में चल रहे फुटबॉल के महाकुंभ फीफा विश्व कप 2022 के नॉकआउट मुकाबले शुरू हो चुके हैं। टूर्नामेंट के तीसरे प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में गत चैंपियन फ्रांस के सामने पोलैंड की चुनौती है। फ्रांस की नजर नौवीं बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने पर है। वह प्री-क्वार्टर फाइनल में पिछली बार 1934 में हारा था। वहीं, पोलैंड 1982 के बाद से क्वार्टर फाइनल में नहीं पहुंचा है। अगर उसे आगे बढ़ना है तो मजबूत फ्रांस को हराना जरूरी है।
10:03 PM
France vs Poland : एम्बापे का शानदार गोल
पोलैंड अब भी अपने पहले गोल की प्रतीक्षा कर रहा है वहीं फ्रांस की टीम शानदार खेल रही है। फ्रांस को 74वें मिनट में युवा स्टार किलियन एम्बापे ने 2-0 से आगे कर दिया। जिरूड के पास पर डेम्बेले ने एम्बापे की ओर गेंद को भेज दिया। एम्बापे ने थोड़ा वक्त लिया और गेंद को सीधे गोलपोस्ट में डाल दिया। उनका इस विश्व कप में यह चौथा गोल हैं। वह सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में लियोनल मेसी (तीन) से आगे निकल गए हैं। वहीं, विश्व कप इतिहास में एम्बापे का यह आठवां गोल है। वह 24 साल से कम उम्र की आयु में आठ गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ब्राजील के महानतम फुटबॉलर पेले को पीछे छोड़ दिया। पेले के 24 साल तक सात गोल थे। अब ये खिलाड़ी पेले से आगे निकल गया है।
09:34 PM
France vs Poland : दोनों टीमों के बीच दूसरे हाफ का खेल शुरू
अबतक दोनों ही टीमें मजबूत नजर आ रही हैं। फ्रांस और पोलैंड के बीच दूसरे हाफ का खेल शुरू हो गया है। फ्रांस की टीम अभी 1-0 से आगे है। पोलैंड को अगर मैच में वापसी करनी है तो एक गोल करना होगा।
09:14 PM
France vs Poland : जिरूड ने किया अपनी टीम के लिए लाजवाब गोल
अपनी टीम के लिए शानदार खेल का नजारा पेश करते हुए फ्रांस के लिए मैच का पहला गोल ओलिवर जिरूड ने 44वें मिनट में किया। उन्होंने किलियन एम्बापे के पास पर गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। इस गोल के साथ ही उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह फ्रांस के लिए इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर बन गए। उन्होंने थिएरी हेनरी के 51 गोल को पीछे छोड़ दिया। हाफटाइम तक फ्रांस की टीम 1-0 से आगे है।
France vs Poland : क्या है दोनों टीमों की स्टार्टिंग इलेवन
पोलैंड: वोचेक सेज्नी (गोलकीपर), मैटी कैश, कैमिल ग्लिक, जैकब किवोर, बार्टोज बेरेजिन्स्की, ग्रेजगोर्ज क्रिचोविआक, जैकब कामिंस्की, सेबस्टियन सिजमेंस्की, पिओटर जिलिंस्की, प्रेजेमिस्लाव फ्रैंकोव्स्की,रॉबर्ट लेवनडॉस्की (कप्तान)।
फ्रांस: ह्यूगो लोरिस (कप्तान), जूल्स कूंडे, राफेल वरान, दयोट उपमेकानो, थियो हर्नांडेज, ऑरेलियन टचौमेनी, एड्रियन रैबियोट, ओस्मान डेम्बेले, एंटोनी ग्रीजमैन, किलियन एम्बापे, ओलिवियर जिरूड।