newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Jobs Cut In Twitter: ट्विटर से जाएगी सैकड़ों कर्मचारियों की नौकरी, छंटनी की लिस्ट तैयार करा रहे एलन मस्क!

एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने के साथ ही तीन बड़े अधिकारियों को तुरंत नौकरी से हटा दिया था। इनमें सीईओ रहे पराग अग्रवाल, कंपनी की प्रमुख विधि अधिकारी विजया गाड्डे और सीएफओ नेड सेगल थे। पराग और विजया पर एलन मस्क पहले से भड़के हुए थे। पराग अग्रवाल पर मस्क ने गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया था।

न्यूयॉर्क। ट्विटर में अब माहौल पहले जैसा नहीं है। टेस्ला और स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क ने 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीद लिया है। इस सौदे के बाद से मस्क लगातार ट्विटर के मुख्यालय में बैठ रहे हैं और इस कंपनी में बदलाव के फैसले ले रहे हैं। इन्हीं फैसलों में से एक छंटनी का भी है। सूत्रों के हवाले से अमेरिकी मीडिया ये जानकारी दे रहा है कि ट्विटर में बड़े पैमाने पर छंटनी होगी। यहां अभी करीब 7500 लोग काम करते हैं। एलन मस्क का इरादा लंबे समय से जमे कर्मचारियों और पहले के मैनेजमेंट के करीबियों को जल्द से जल्द ट्विटर से निकाल बाहर करने का है।

elon musk with twitter workers

सूत्रों ने अमेरिकी मीडिया को बताया कि मस्क ने ट्विटर के नए मैनेजर्स को छंटनी की लिस्ट तैयार करने के आदेश दिए हैं। इन कर्मचारियों को अगले महीने की शुरुआत में बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। पता चला है कि कर्मचारियों को निकालने के फैसले के साथ उन्हें मुआवजे के तौर पर ट्विटर के शेयर्स दिए जाएंगे। बता दें कि पिछले दिनों ट्विटर के कर्मचारियों ने मस्क के नाम खुली चिट्ठी लिखी थी। इस चिट्ठी में उन्होंने छंटनी न करने का आग्रह किया था। मस्क ने इससे पहले छंटनी किए जाने के संकेत दिए थे। हालांकि, बाद में कहा गया था कि किसी कर्मचारी की छंटनी नहीं की जाएगी।

parag agrawal and vijaya gadde twitter

एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने के साथ ही तीन बड़े अधिकारियों को तुरंत नौकरी से हटा दिया था। इनमें सीईओ रहे पराग अग्रवाल, कंपनी की प्रमुख विधि अधिकारी विजया गाड्डे और सीएफओ नेड सेगल थे। पराग और विजया पर एलन मस्क पहले से भड़के हुए थे। पराग अग्रवाल पर मस्क ने ट्विटर में फर्जी हैंडल्स की गलत जानकारी देने का भी आरोप लगाया था। हालांकि, जब पहले ट्विटर को खरीदने के मस्क के फैसले की जानकारी आई थी, जब पराग और एलन के बीच काफी बेहतर रिश्ते थे। दोनों ने कई बार साथ डिनर भी किया था। पराग ने तो ट्विटर बोर्ड में मस्क के आने का स्वागत तक किया था। बाद में दोनों के बीच रिश्ते खराब हो गए।