newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

US: खटाई में पड़ती दिख रही है एलन मस्क की Twitter खरीदने की डील, कंपनी ने लगाया ये गंभीर आरोप

एलन मस्क के ट्विटर पर करीब 9.3 करोड़ फॉलोअर हैं। इनमें से 6.17 करोड़ के बारे में फेक होने की बात कही जा रही है। उधर, ट्विटर खरीद की डील रोकने के बाद कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल भी एलन मस्क के खिलाफ उतर आए।

वॉशिंगटन। खरबपति और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की ट्विटर खरीदने की डील खटाई में पड़ती दिख रही है। मस्क ने हाल ही में कहा था कि ट्विटर की तरफ से फेक यूजर्स के बारे में गलत जानकारी देने पर उन्होंने डील को रोक दिया है। अब ट्विटर ने मस्क पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने ट्वीट्स के जरिए कंपनी से हुए नॉन डिस्क्लोजर समझौते को तोड़ा है। जबकि, कंपनी के सीईओ पराग अग्रवास ने भी परोक्ष तौर पर एलन मस्क पर निशाना साधा है। एलन मस्क ने खुद खुलासा किया है कि ट्विटर की लीगल टीम ने उन्हें कहा है कि फेक यूजर्स का पता लगाने के लिए रैंडम सैंपलिंग का खुलासा करना नॉन डिस्क्लोजर समझौते का उल्लंघन है।

मस्क ने इससे पहले शनिवार को कहा था कि वह फेक यूजर्स का पता लगाने के लिए फॉलोअर्स की जांच कराएंगे। इसके लिए 100 यूजर्स का रैंडम सैंपल लिया जाएगा। इससे ये पता चलता कि ट्विटर पर हर 100 यूजर में से कितने फेक हैं। इससे पहले एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि मस्क के ट्विटर हैंडल के ज्यादातर फॉलोअर फर्जी हैं। ऑडियंस रिसर्च टूल स्पार्क टोरो की ओर से कहा गया था कि सेलेब्रिटीज अपने हैंडल के फॉलोअर बढ़ाने के लिए फेक और बॉट हैंडल्स की मदद लेते हैं। इसके लिए कंपनी ने रैंडम सैंपल लिए थे और इसके बाद रिपोर्ट जारी की थी।

parag agrawal

एलन मस्क के ट्विटर पर करीब 9.3 करोड़ फॉलोअर हैं। इनमें से 6.17 करोड़ के बारे में फेक होने की बात कही जा रही है। उधर, ट्विटर खरीद की डील रोकने के बाद कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल भी एलन मस्क के खिलाफ उतर आए। उन्होंने लिखा कि पिछले कई हफ्तों में बहुत कुछ हुआ। मैंने कंपनी पर ध्यान लगाया और सार्वजनिक रूप से कभी कुछ नहीं कहा। हालांकि, अब मैं ऐसा करूंगा। पराग ने कहा कि हमने कंपनी के शीर्ष नेतृत्व और संचालन में बदलाव की घोषणा की। हर किसी के लिए बदलाव हमेशा कठिन होते हैं। इस दौरान कुछ लोग कह रहे हैं एक ‘लेम डक’ सीईओ ये बदलाव क्यों करेगा। सभी सवालों का छोटा सा जवाब है। मुझे उम्मीद है कि जब सौदा अंतिम मुकाम पर पहुंचेगा, तो हमें सभी हालात के लिए तैयार रहने की जरूरत है। मैंने हमेशा वही किया है, जो ट्विटर के लिए सही हो। मैं ट्विटर के नेतृत्व व संचालन के लिए जवाबदेह हूं। हमारा काम हर दिन इसे मजबूत बनाना है।