newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sydney Stabbing Incident: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बड़ी वारदात, शॉपिंग मॉल में चाकूबाजी से 4 लोगों की मौत; पुलिस ने हमलावर को गोली मारी

Sydney Stabbing Incident: ऑस्ट्रेलिया की मीडिया के अनुसार लोग शॉपिंग सेंटर में खरीदारी कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति एस्केलेटर से भागकर आया और बोला कि चाकूबाजी हो रही है। इसके बाद लोगों ने हरे रंग की टी-शर्ट में हमलावर को देखा। वो लड़खड़ा रहा था। लग रहा है कि चाकूबाजी करने वाला नशे में रहा होगा।

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में बड़ी वारदात हुई है। यहां एक शख्स ने वेस्टफील्ड बॉण्डी जंक्शन शॉपिंग सेंटर में शनिवार को जमकर चाकूबाजी की। यहां फायरिंग की आवाज भी सुनाई दी। चाकूबाजी की घटना में 4 लोगों की मौत होने की खबर है। इनमें महिला और उसका बच्चा भी है। घटना में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अचानक हमला कर दिया और लोगों को चाकू मारना शुरू किया। घटना के कारण शॉपिंग सेंटर में भगदड़ मच गई। दुकानदारों ने अपने शटर गिरा लिए। बाद में पुलिस पहुंची। ऑस्ट्रेलिया की मीडिया के अनुसार पुलिस ने हमलावर को गोली मारी है।

ऑस्ट्रेलिया की मीडिया के अनुसार कई दुकानों में लोग घुसे और अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगे। शॉपिंग सेंटर के ऊपर से लोगों ने हमलावर पर सामान और बिलबोर्ड फेंककर उसे रोकने की कोशिश की। शॉपिंग सेंटर पर कई जगह खून बिखरा दिख रहा है। पुलिस ने हमलावर को गोली मारने से पहले वेस्टफील्ड बॉण्डी जंक्शन शॉपिंग सेंटर से सैकड़ों लोगों को रेस्क्यू किया। पुलिस ये जांच कर रही है कि इस हमले की वजह आखिर क्या है। पुलिस ने आसपास लोगों को सतर्क किया है और शॉपिंग सेंटर आने से मना किया है। खबर लिखे जाने तक ये जानकारी नहीं मिली कि हमलावर अकेला था या उसके साथ कुछ और लोग भी थे।

ऑस्ट्रेलिया की मीडिया के अनुसार लोग शॉपिंग सेंटर में खरीदारी कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति एस्केलेटर से भागकर आया और बोला कि चाकूबाजी हो रही है। इसके बाद लोगों ने हरे रंग की टी-शर्ट में हमलावर को देखा। वो लड़खड़ा रहा था। इससे लग रहा है कि चाकूबाजी करने वाला नशे में रहा होगा। कुछ लोगों ने ऊपर से सामान फेंका, जो हमलावर को लगा। इसके बाद वो फिर एस्केलेटर से ऊपर भाग गया। पुलिस ने मौके पर आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों को भी बुलाया। सिडनी में घटना के वक्त शाम के करीब 4 बज रहे थे। ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी एल्बनीस ने घटना पर दुख जताया है।