
नई दिल्ली। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने एक यात्री बस पर हमला कर दिया। बंदूकधारी हमलावरों ने पहचान पत्र देखकर पंजाब प्रांत के 9 यात्रियों को बस से उतारा और उन सभी की गोली मारकर हत्या कर दी। बलूचिस्तान के झोबू इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस घटना को अंजाम दिया गया। यह बस क्वेटा से लाहौर जा रही थी। हमलावरों ने जितने भी लोगों की हत्या की है वो सभी पंजाब प्रांत के अलग अलग हिस्सों के रहने वाले थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। खबर लिखे जाने तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी नहीं ली।
बलूचिस्तान की प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने इसे हमले को आतंकी घटना बताया है। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने बस से उतारकर यात्रियों को अगवा किया और अपने साथ कहीं ले गए और बाद में उनकी हत्या कर दी। रात के समय 9 लोगों के गोलियों से छलनी शव मिले। वैसे यह पहली बार नहीं है जब बलूचिस्तान में पंजाब प्रांत के लोगों को निशाना बनाया गया हो, इससे पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है। इसी साल की शुरुआत जनवरी 2025 में बलूचिस्तान प्रांत के तुरबत शहर में एक यात्री बस पर बम से हमला हुआ था। उस हमले में 6 लोग मारे गए थे और 25 से अधिक घायल हुए थे। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने वीडियो जारी कर उस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
इसको देखते हुए इस बात की आशंका जताई जा रही है कि इस हमले के पीछे भी बलूच विद्रोही समूहों का हाथ हो सकता है। बता दें कि बलूचिस्तान पाकिस्तान के सबसे गरीब और पिछड़े इलाके में आता है। काफी लंबे समय से बलूच विद्रोही पाकिस्तान से आजादी की मांग करते हुए इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी ने मार्च में क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया था।