newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Elon Musk-Donald Trump Dispute : डोनाल्ड ट्रंप से अनबन के बाद क्या अब अपनी राजनीतिक पार्टी बनाएंगे एलन मस्क? सोशल मीडिया पोस्ट के बाद लग रही अटकलें

Elon Musk-Donald Trump Dispute : मस्क ने अपने एक्स अकांउट पर लोगों से राय मांगी है और पूछा है कि क्या अब अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का समय आ गया है, जो वास्तव में मध्य वर्ग के 80 प्रतिशत लोगों का प्रतिनिधित्व करे? एलन मस्क की इस पोस्ट पर 48 लाख से ज्यादा लोग रिएक्शन दे चुके हैं। बड़ी बात यह है कि कमेंट करने वालों में 80.08 प्रतिशत लोग मस्क के इस विचार से सहमत हैं।

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अनबन की खबरों के बीच टेस्ला कंपनी के मालिक एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी पोस्ट की है जिसके बाद नई अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं। मस्क ने अपने एक्स अकांउट पर लोगों से राय मांगी है और पूछा है कि क्या अब अमेरिका में एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का समय आ गया है, जो वास्तव में मध्य वर्ग के 80 प्रतिशत लोगों का प्रतिनिधित्व करे? मस्क की इस पोस्ट के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या वो डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने के विषय में सोच रहे हैं?

एलन मस्क की इस पोस्ट पर 48 लाख से ज्यादा लोग रिएक्शन दे चुके हैं। बड़ी बात यह है कि कमेंट करने वालों में 80.08 प्रतिशत लोग मस्क के इस विचार से सहमत हैं कि अमेरिका में नई राजनीतिक पार्टी बनाई जानी चाहिए। जबकि 19.2 फीसदी लोगों का कहना है कि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। इतनी बड़ी संख्या में मस्क को लोगों का समर्थन मिलने से उनके विचार को बल मिलेगा। आपको बता दें कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले एलन मस्क ने खुलकर डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया था। डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को अपना दोस्त बताया था और चुनाव जीतने के बाद उनको अपनी टीम में शामिल करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी थी।

elon musk and donald trump

ट्रंप ने मस्क को डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (डीओजीई) का प्रमुख बनाया था। डीओजीई वो विभाग है जिसका काम अमेरिकी सरकार की फिजूलखर्ची को कम करना था। हाल ही में ट्रंप प्रशासन की ओर से नया बिल बिग ब्यूटीफुल लाया गया। ट्रंप प्रशासन के मुताबिक यह नया बिल अनिवार्य खर्च में 1.6 ट्रिलियन डॉलर तक की बचत करेगा। जबकि मस्क ने इस बिल को निराशाजनक बताया था। इसी बिल को ट्रंप और मस्क के बीच विवाद की जड़ माना जा रहा है। इसके बाद ही मस्क ने ट्रंप की टीम से अलग होने की घोषणा कर दी थी।