newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bomb Blast In Pakistan’s Mosque Before Ramzan : रमजान से पहले पाकिस्तान की मस्जिद में बम धमाका, मौलाना हमीदुल हक हक्कानी के मारे जाने की आशंका

Bomb Blast In Pakistan’s Mosque Before Ramzan : मौलाना हमीदुल हक हक्कानी पाकिस्तान में ‘फादर ऑफ तालिबान’ कहे जाने वाले मौलाना समी-उल हक का बेटा और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-समी का प्रमुख है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि यह विस्फोट आत्मघाती था।

नई दिल्ली। रमजान से पहले पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की एक मस्जिद में बम धमाका हुआ है। इस ब्लास्ट में पांच लोगों के मारे जाने की खबर है जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। नौशहरा शहर के पास अखोरा खट्टक इलाके में दारुल उलूम हक्कानी मदरसे में हुए बम धमाके में पाकिस्तान में ‘फादर ऑफ तालिबान’ कहे जाने वाले मौलाना समी-उल हक के बेटे और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-समी के प्रमुख मौलाना हमीदुल हक हक्कानी की भी मौत हो गई है। हालांकि मौलाना हक्कानी के मारे जाने की किसी ने पुष्टि नहीं की है।

खबर लिखे जाने तक किसी संगठन ने ब्लास्ट की जिम्मेदारी नहीं ली है। डॉन की खबर के मुताबिक ब्लास्ट के बाद अधिकारियों ने इलाके में इमरजेंसी की घोषणा कर दी है। वहीं जिला पुलिस प्रमुख अब्दुल रशीद ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि यह विस्फोट आत्मघाती था। संभवत: मौलाना हमीदुल हक हक्कानी को ही निशाना बनाते हुए इस बम विस्फोट को अंजाम दिया गया। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने बम धमाके पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह के कायरतापूर्ण हमलों से आतंकवाद के खिलाफ हमारा संकल्प कमजोर नहीं होगा। उन्होंने आतंकवाद को पाकिस्तान से खत्म करने की प्रतिबद्धता जताई।

दारुल उलूम हक्कानिया मदरसा जहां पर बम ब्लास्ट हुआ है पाकिस्तान के सबसे प्रभावशाली मदरसों में आता है। मौलाना समी-उल हक ने साल 1947 में इसकी स्थापना की थी। इसे तालिबानियों का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां पर कई तालिबानी कमांडरों को प्रारंभिक शिक्षा दी जाती है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक मस्जिद के अंदर मदरसे में काफी संख्या में लोग तालीम के लिए आते हैं संभवत: इन्हीं में से कोई हमलावर भी हो सकता है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।