newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Trump Tariff On Crude Oil Of Venezuela: डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला से कच्चा तेल आयात करने पर लगाया 25 फीसदी टैरिफ, इस फैसले का भारत पर भी पड़ेगा असर

Trump Tariff On Crude Oil Of Venezuela: अमेरिका को वेनेजुएला फूटी आंख नहीं सुहाता। वेनेजुएला में दुनिया का सबसे बड़ा कच्चे तेल का भंडार है। अमेरिका ने पहले वेनेजुएला से कच्चा तेल आयात करने पर प्रतिबंध लगाया था। जो बाइडेन के दौर में इस प्रतिबंध में छूट दी गई। जिसके बाद भारत ने एक बार फिर वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदना शुरू किया। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी कई बार कह चुके हैं कि जहां से सस्ता कच्चा तेल मिलेगा, उसे भारत खरीदेगा।

वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति पद को संभालने के बाद से डोनाल्ड ट्रंप लगातार टैरिफ-टैरिफ का राग गा रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने पहले अवैध घुसपैठियों को रोकने में नाकामी और फेंटेनाइल ड्रग की तस्करी का आरोप लगाकर चीन, कनाडा और मेक्सिको पर टैरिफ लगाने का एलान किया। इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ये घोषणा भी की कि 2 अप्रैल से वो भारत समेत उन सभी देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएंगे, जो अमेरिका के उत्पादों पर टैरिफ लगाते हैं। अब ट्रंप ने एलान किया है कि दक्षिण अमेरिका के देश वेनेजुएला से कच्चा तेल आयात करने वाले देशों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप के इस ताजा फैसले का भारत और चीन पर भी असर पड़ने वाला है।

अमेरिका को वेनेजुएला फूटी आंख नहीं सुहाता। वेनेजुएला में दुनिया का सबसे बड़ा कच्चे तेल का भंडार है। अमेरिका ने पहले वेनेजुएला से कच्चा तेल आयात करने पर प्रतिबंध लगाया था। जो बाइडेन के दौर में इस प्रतिबंध में छूट दी गई। जिसके बाद भारत ने एक बार फिर वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदना शुरू किया। भारत ने दिसंबर 2023 से दिसंबर 2024 तक हर दिन 254000 बैरल कच्चा तेल खरीदा। भारत अब भी वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीद रहा है। वहीं, चीन भी वेनेजुएला से हर दिन 5 लाख बैरल कच्चा तेल खरीदता है। ऐसे में वेनेजुएला से कच्चा तेल आयात करने पर ट्रंप की ओर से घोषित टैरिफ से भारत को भी झटका लगना तय है।

वेनेजुएला से कच्चा तेल आयात करने वाले देशों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ट्रंप का फैसला 2 अप्रैल से प्रभावी होने जा रहा है। आने वाले दिनों में अमेरिका सरकार की तरफ से इस बारे में नोटिफिकेशन जारी होने के पूरे आसार हैं। भारत के पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कई बार कहा है कि देशवासियों के हित के लिए जहां भी सस्ता कच्चा तेल मिलेगा, वहां से खरीदा जाएगा। अब वेनेजुएला के कच्चे तेल पर अमेरिका के टैरिफ लगाने से भारत को अन्य देशों से कच्चा तेल खरीदना पड़ सकता है। भारत अपनी जरूरत का 88 फीसदी कच्चा तेल आयात करता है। यूक्रेन जंग की शुरुआत होने के बाद से भारत ने रूस से कम कीमत पर काफी कच्चा तेल खरीदा।