
वॉशिंगटन। ऐसा दोहरा व्यवहार आपने कम ही देखा होगा। अमेरिका एक तरफ तो पाकिस्तान को उसके एफ-16 लड़ाकू विमानों को उन्नत बनाने के लिए धन दे रहा है। वहीं, उसके राष्ट्रपति जो बाइडेन पाकिस्तान को सबसे खतरनाक देश बता रहे हैं। बाइडेन ने शुक्रवार को डेमोक्रेटिक कांग्रेशनल कैंपेन कमेटी रिसेप्शन में कहा कि पाकिस्तान दुनिया का सबसे खतरनाक मुल्क है। उन्होंने इसकी वजह ये गिनाई कि पाकिस्तान के परमाणु हथियारों का नियंत्रण किसी जवाबदेह के पास नहीं है। खास बात ये कि पाकिस्तान के जिन एफ-16 विमानों को उन्नत बनाने के लिए अमेरिका मदद दे रहा है, वे परमाणु बम गिराने में सक्षम हैं। बाइडेन ने अपने संबोधन में यूक्रेन, रूस, चीन और घरेलू मसलों पर भी अपनी राय रखी। बाइडेन का पूरा भाषण आप नीचे पढ़ सकते हैं।
Full Transcript of comments made by US President Joe Biden:https://t.co/b9mOLfiaCx
— Sidhant Sibal (@sidhant) October 15, 2022
बता दें कि अमेरिका का दोहरा चेहरा पहले भी ऐसे ही सामने आता रहा है। अमेरिका एक तरफ पाकिस्तान के परमाणु हथियारों के खिलाफ है, लेकिन उसे मदद देने में भी पीछे नहीं है। पिछले दिनों अमेरिका ने पाकिस्तान को दिए गए एफ-16 लड़ाकू विमानों को उन्नत बनाने के लिए तकनीकी मदद देने की बात कही थी। इसका भारत ने विरोध किया था। इस पर अमेरिका ने कहा था कि पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ जंग के लिए अपने इन विमानों को उन्नत बनाने की जरूरत है। इसी वजह से मदद दी जा रही है। इससे पहले भी भारत की आपत्तियों को दरकिनार कर अमेरिका लगातार पाक को सैन्य मदद देता रहा है।
अमेरिका पिछले कुछ साल से भारत के करीब आया है। चीन की विस्तारवादी नीति से जंग के लिए उसे एशिया महाद्वीप में भारत का सहारा है। इसके बाद भी वो भारत के हितों के खिलाफ कदम उठाने से नहीं हिचकिचाता है। अमेरिका के तकरीबन हर राष्ट्रपति ने भारत के पुराने दुश्मन पाकिस्तान को मदद देने में कोई कोताही नहीं बरती है। हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप के दौर में पाकिस्तान को अमेरिका से काफी कम मदद मिली थी। अब एक तरफ लड़ाकू विमानों को उन्नत बनाने के लिए मदद देने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन पाकिस्तान को सबसे खतरनाक देश बता रहे हैं।