newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

USA Visit Of Modi: पीएम मोदी के अमेरिका दौरे से उत्साहित भारतीयों ने निकाली यूनिटी रैली, अमेरिकी सांसद ने बताया विशेष अतिथि

पीएम मोदी अमेरिका पहुंचने के बाद पहले न्यूयॉर्क के संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसमें 180 देशों के राजनयिक और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। इसके बाद मोदी वॉशिंगटन जाएंगे। जहां राष्ट्रपति बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने खास भोज रखा है। मोदी भारतीयों को संबोधित भी करेंगे।

वॉशिंगटन। पीएम नरेंद्र मोदी 21 से 24 जून तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। अभी इस दौरे में दो दिन हैं, लेकिन मोदी के अमेरिका दौरे से वहां के नेताओं समेत भारतीय मूल के लोग बहुत खुश हैं। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन और न्यूयॉर्क में भारतीय मूल के लोगों ने रविवार को यूनिटी यानी एकता रैली निकाली। ऐसा करके उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे पर खुशी जताई।

वॉशिंगटन की तरह न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वॉयर में भी भारतीय मूल के लोगों ने मोदी के अमेरिका दौरे पर खुशी जाहिर करते हुए यूनिटी रैली निकाली। यहां तमाम लोग भगवा रंग के कपड़े पहने थे और सिर पर भारतीय तिरंगे जैसी पगड़ी भी उन्होंने पहन रखी थी। खास बात ये है कि भारतीयों की इस यूनिटी रैली के दौरान अमेरिका के लोगों ने भी उत्साह दिखाया और उनकी खुशी में शामिल हुए।

वॉशिंगटन में हुई यूनिटी रैली में शामिल रमेश नाम के प्रवासी ने कहा कि हम यहां यूनिटी डे मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं। पीएम मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात करेंगे। रमेश के मुताबिक ये सभी भारतीयों के लिए बड़ी घटना है। उन्होंने बताया कि यूनिटी मार्च में अमेरिका के 20 शहरों से 900 से ज्यादा भारतीय शामिल होंगे।

यूनिटी रैली में ही आए राज ने कहा कि वो पीएम नरेंद्र मोदी का समर्थन करने के लिए यहां पहुंचे हैं। राज ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से हम भारतीय समुदाय के साथ और घुलते-मिलते हैं और बहुत अच्छा महसूस होता है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद् मोदी का अमेरिका दौरा भारतीय मूल के प्रवासियों के लिए गर्व का मौका है।

अमेरिकी कांग्रेस में जॉर्जिया राज्य के 10वें जिले के सदस्य माइक कॉलिंस ने भी मोदी के अमेरिका दौरे को ऐतिहासिक बताया है। माइक कॉलिंस ने कहा कि अमेरिकी संसद के दोनों सदनों को संबोधित करने नरेंद्र मोदी के तौर पर बहुत विशेष अतिथि आ रहे हैं। माइक ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच अच्छे आर्थिक रिश्ते ही नहीं हैं, बल्कि हम आतंकवाद और सबसे बड़े दुश्मन चीन के खिलाफ भी मिलकर लड़ रहे हैं। सुनिए माइक कॉलिंस का बयान।

पीएम मोदी अमेरिका पहुंचने के बाद पहले न्यूयॉर्क के संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसमें 180 देशों के राजनयिक और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। इसके बाद मोदी वॉशिंगटन जाएंगे। जहां राष्ट्रपति बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने खास भोज रखा है। वॉशिंगटन में मोदी भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे।