newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi And President Putin Meeting: रूस की सेना में काम कर रहे सभी भारतीय वापस लौटेंगे, पीएम मोदी से बातचीत के बाद राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन का फैसला

PM Modi And President Putin Meeting: पुतिन ने मोदी की खूब तारीफ भी की। उन्होंने तीसरी बार पीएम बनने पर मोदी को बधाई दी। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि ये इत्तफाक नहीं, आपके कई साल के काम का नतीजा है। उन्होंने मोदी को बहुत ऊर्जावान बताते हुए कहा कि आप भारत और भारतीयों के हित में नतीजे हासिल करने में सक्षम हैं।

मॉस्को। पीएम नरेंद्र मोदी रूस के दौरे पर हैं। आज उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से शिखर बैठक होने जा रही है। भारत और रूस के बीच ये 22वीं शिखर बैठक है। मोदी और पुतिन के बीच अलग से भी बैठक होगी। इससे ठीक पहले रूस के राष्ट्रपति पुतिन से सोमवार को मोदी की मुलाकात के दौरान भारत को बड़ी कामयाबी मिली है। राष्ट्रपति पुतिन ने रूस की सेना में काम करने वाले सभी भारतीयों को वापस भेजने की सुविधा देने का फैसला किया है। मोदी ने पुतिन से मुलाकात में इस मुद्दे को उठाया था। बीते कुछ समय से ऐसी खबरें आ रही थीं कि तमाम भारतीय रूस गए और यूक्रेन के खिलाफ रूसी सेना के साथ जंग लड़ रहे हैं। कुछ की इस जंग में मौत भी हुई। तभी से रूस की सेना में काम करने वाले भारतीयों को वापस लाने की मांग उठ रही थी।

इससे पहले सोमवार को मोदी का रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने अपने नोवो ओगारियोवो आवास पर खूब स्वागत किया। पुतिन ने मोदी को डिनर भी दिया और गोल्फ कार्ट में बिठाकर अपने आवास का दौरा भी कराया। पुतिन ने पीएम मोदी को अपने घोड़े भी दिखाए। पुतिन और मोदी के बीच डिनर पर रूस और भारत की दोस्ती के साथ ही क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर काफी बात हुई। पुतिन ने मोदी की खूब तारीफ भी की। उन्होंने तीसरी बार पीएम बनने पर मोदी को बधाई दी। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि ये इत्तफाक नहीं, आपके कई साल के काम का नतीजा है। उन्होंने मोदी को बहुत ऊर्जावान बताते हुए कहा कि आप भारत और भारतीयों के हित में नतीजे हासिल करने में सक्षम हैं। पुतिन ने पीएम मोदी के लिए ये भी कहा कि आपने पूरा जीवन सेवा में समर्पित किया है और इसे लोग महसूस कर सकते हैं।

मोदी ने इससे पहले साल 2019 में रूस का दौरा किया था। इस बार वो रूस के दौरे के बाद ऑस्ट्रिया भी जाएंगे। करीब 4 दशक बाद भारत का कोई पीएम ऑस्ट्रिया का दौरा करने जा रहा है। मोदी का रूस का दौरा इसलिए भी अहम है, क्योंकि भारत लगातार रूस से सस्ते में कच्चा तेल खरीद रहा है। दोनों देशों के बीच पुराने संबंध होने की वजह से मोदी लगातार यूक्रेन में जारी युद्ध को रोकने के लिए रूसी राष्ट्रपति से पहले भी बात करते रहे हैं। मोदी के इस बार के रूस दौरे पर अमेरिका और पश्चिमी देशों की नजर है।