newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

International Relations : ‘सर्दी का कहर और खाने की कमी’ अब रूस को शांत कराने के लिए भारत की ओर देख रहा यूरोप

International Relations : यूरोप बार-बार भारत से रूस के मुद्दे पर दखलअंदाजी करने की अपील कर चुका है लेकिन भारत ने किसी भी दखलंदाजी से साफ तौर पर इंकार किया था। इस बीच एक बार फिर से चर्चाएं शुरू हैं कि क्या भारत के ही दखल से रूस और यूक्रेन के बीच शांति स्थापित हो सकेगी।

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को प्रारंभ हुए 9 महीने से अधिक समय बीत चुका है। लेकिन अभी तक दोनों देशों में से कोई भी किसी भी समझौते पर नहीं पहुंचा है। एक तरफ होते हैं जो हार मानने को तैयार नहीं है और दूसरी तरफ यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेन्स्की हैं जो झुकने को तैयार नहीं है। जुलाई में संयुक्त राष्ट्र और तुर्की के दखल से यूक्रेन से राशन की बिक्री के लिए खेप को रवाना किए जाने पर मंजूरी मिली थी। इस पूरी बातचीत में पर्दे के पीछे से भारत ने भी भूमिका अदा की थी और रूस को अनाजों से भरे जहाजों के लिए रास्ता देने को राजी कर लिया था। यही नहीं दो महीने बाद जब रूस ने यूक्रेन के जापोरिझझिया में न्यूक्लियर प्लांट पर बमबारी शुरू की तो पूरी दुनिया में खौफ का आलम था। इस बीच भारत ने फिर से दखल दिया और रूस को पीछे हटने के लिए राजी किया।

यूरोप बार-बार भारत से रूस के मुद्दे पर दखलअंदाजी करने की अपील कर चुका है लेकिन भारत ने किसी भी दखलंदाजी से साफ तौर पर इंकार किया था। इस बीच एक बार फिर से चर्चाएं शुरू हैं कि क्या भारत के ही दखल से रूस और यूक्रेन के बीच शांति स्थापित हो सकेगी। यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध के दौरान भारत ने अहम मौकों पर दखल दिया है और अपनी उपयोगिता साबित की है। इसी सप्ताह विदेश मंत्री एस. जयशंकर रूस के दौरे पर जाने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान वह रूस से यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने को लेकर भी बात कर सकते हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर के कूटनीतिज्ञों की नजर इस विजिट पर है। भारत सरकार के अधिकारी भी इस बात पर चर्चा करते रहे हैं कि सही वक्त आने पर भारत की ओर से रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थ की भूमिका अदा की जा सकती है।

modi and putinजब पड़ेगी सर्दी क्या तब झुकेगा यूक्रेन?

आपको बता दें कि अब तक की 9 महीने की जंग में रूस या यूक्रेन में से किसी ने भी पीछे हटने के मंसूबे जाहिर नहीं किए हैं। एक तरफ यूक्रेन का मानना है कि बीते कुछ महीनों में उसने युद्ध में अपनी स्थिति मजबूत की है। वहीं दूसरी तरफ रूस का साफ मानना है कि वह पीछे नहीं हटेगा। हालांकि इस बीच सर्दियों के दिन आ गए हैं। यूक्रेन समेत पूरे यूरोप में सर्दियों में ऊर्जा की सप्लाई एक बड़ा संकट बन सकती है। ऐसे में यूक्रेन की ओर से युद्ध रोकने पर सहमति जताई जा सकती है। ऐसे हालात में भारत की ओर से यदि रूस को राजी कर लिया गया तो दुनिया में एक बड़ी जंग थम सकती है।

गौरतलब है कि इस मुद्दे पर भारत रूस सम्बंधों की अच्छी जानकारी रखने वाले एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि युद्ध के मोर्चे से दोनों देश पीछे नहीं हटते हैं तो कम से कम संघर्ष विराम पर तो राजी हो ही सकते हैं। इस साल की शुरुआत में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम नरेंद्र मोदी से इस बारे में बात भी की थी। हालांकि भारत और फ्रांस के प्रयास धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। लेकिन इससे यह जरूर पता चला है कि दोनों देशों के बीच भारत एक पहल करने की स्थिति में है। एशियन स्टडीज सेंटर के डायरेक्टर जेफ एम. स्मिथ ने कहा कि यदि रूस और यूक्रेन बातचीत के लिए किसी तीसरे पक्ष पर सहमति जताते हैं तो भारत की भूमिका अहम हो सकती है। उस पर दोनों देश भरोसा करने की स्थिति में होंगे। अगर उसकी कोई मुद्दे की बात करें तो भारत हमेशा से दोनों देशों से शांति से मसले को सुलझाने की बात करता है और तटस्थता की स्थिति में भारत अब तक बना हुआ है।