newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Narendra Modi Receives Russia’s Highest Civilian Honour : पीएम नरेंद्र मोदी रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ से सम्मानित

PM Narendra Modi Receives Russia’s Highest Civilian Honour : पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और रूस के बीच सदियों पुरानी गहरी दोस्ती और आपसी विश्वास का सम्मान है। वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि भारत के पीएम मोदी को ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू पुरस्कार प्रदान करते हुए मुझे खुशी हो रही है। यह रूस और भारत दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में आपके द्वारा किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के लिए रूस की ईमानदारी से कृतज्ञता का प्रमाण है।

नई दिल्ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ से सम्मानित किया है। व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि भारत के पीएम मोदी को ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू पुरस्कार प्रदान करते हुए मुझे खुशी हो रही है। यह रूस और भारत दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने में आपके द्वारा किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के लिए रूस की ईमानदारी से कृतज्ञता का प्रमाण है। वहीं पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति पुतिन का आभार जताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित होकर कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और रूस के बीच सदियों पुरानी गहरी दोस्ती और आपसी विश्वास का सम्मान है। यह हमारी विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी का सम्मान है। पीएम ने पुतिन को संबोधित करते हुए कहा, पिछले ढाई दशकों में, आपके नेतृत्व में, भारत-रूस संबंध सभी दिशाओं में मजबूत हुए हैं और हमने हर बार नई ऊंचाइयों को छुआ है। आपने दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों की जो नींव रखी थी, वह समय के साथ और भी मजबूत होकर निखरी है।

मोदी बोले, पीपल-टू-पार्टनरशिप पर आधारित हमारा पारस्परिक सहयोग हमारे लोगों में बेहतर भविष्य की उम्मीद भी बन रहा है और गारंटी भी बन रहा है। आज की चर्चा में भी हमने सभी क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करने के लिए नए और महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इससे पहले राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को संबोधित करते हुए कहा, आपने हमेशा हमारे देश के साथ व्यापक संपर्कों की सक्रिय रूप से वकालत की है। जब आप गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब आपने अपने राज्य को रूसी क्षेत्र के साथ जोड़ने की पहल की थी। अब आप 10 वर्षों से भारत के पीएम हैं। आपने वास्तव में रूस-भारत संबंधों को एक विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने का प्रयास किया है।