newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UK: बेटे चार्ल्स की पत्नी कैमिला को ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ ने परिवार में अपनाया, कही ये बड़ी बात

कैमिला और चार्ल्स के रिश्ते डायना के जीवित रहने के दौर के बताए जाते हैं। कैमिला किसी शाही परिवार से नहीं हैं। वो बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ के यहां काम करती थीं। डायना की मौत के बाद साल 2005 में चार्ल्स ने कैमिला से शादी कर ली थी।

लंदन। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने एलान कर दिया है कि उनके निधन के बाद बड़े बेटे राजकुमार चार्ल्स राजा बनेंगे। इसके साथ ही चार्ल्स की पत्नी कैमिला पार्कर को महारानी बनाए जाने का भी एलिजाबेथ ने एलान किया है। महारानी बनने के 70वें सालगिरह पर एलिजाबेथ द्वितीय ने ये घोषणा की है। राजकुमार चार्ल्स की दूसरी पत्नी कैमिला हैं। उनकी पहली पत्नी डायना की एक कार हादसे में मौत हो गई थी। सत्तासीन होने की सालगिरह पर देश की जनता के नाम खत में महारानी एलिजाबेथ ने लिखा है कि ब्रिटिश जनता ने उनके प्रति जो स्नेह और वफादारी दिखाई, उसपर विचार करते हुए वो कुछ फैसले ले रही हैं। महारानी ने लिखा है कि वो चाहती हैं कि जब चार्ल्स राजा बनें, तो कैमिला को क्वीन कंसोर्ट की उपाधि मिले।

Queen Elizabeth

खास बात ये कि कैमिला और चार्ल्स के रिश्ते डायना के जीवित रहने के दौर के बताए जाते हैं। कैमिला किसी शाही परिवार से नहीं हैं। वो बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ के यहां काम करती थीं। डायना की मौत के बाद साल 2005 में चार्ल्स ने कैमिला से शादी कर ली थी। अब एलिजाबेथ के ताजा एलान के बाद कैमिला को राजपरिवार के सदस्य के तौर पर मान्यता दे दी गई है। महारानी एलिजाबेथ के पति प्रिंस फिलिप का पिछले साल निधन हो गया था। महारानी की उम्र भी 90 साल से ज्यादा हो गई है। वो 6 फरवरी 1952 को अपने पिता राजा जॉर्ज षष्ठम के निधन के बाद महारानी बनी थीं।

Prince Charles and Camilla

महारानी एलिजाबेथ ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि जब भी वक्त आएगा और मेरा बड़ा बेटा चार्ल्स ब्रिटेन का राजा बनेगा तो मुझे पता है कि आप उसे और उसकी पत्नी कैमिला को मेरे जैसा ही समर्थन देंगे। मेरी इच्छा है कि जब वो वक्त आए, तो कैमिला को क्वीन कंसोर्ट माना जाए और वो भी अपने उसी पद के मुताबिक सेवाएं दे। बता दें कि कैमिला अभी डचेज ऑफ कॉर्नवॉल की उपाधि प्राप्त हैं। उन्हें अब तक शाही परिवार का हिस्सा नहीं माना जाता था। राजकुमार चार्ल्स के दो बेटे हैं। इनमें बड़े का नाम विलियम और छोटे का नाम हैरी है। हैरी ने पिछले साल राजमहल छोड़ दिया था। वो अपनी पत्नी के साथ दक्षिण अमेरिका में रहते हैं। चार्ल्स के बाद उनके बेटे विलियम ब्रिटेन के राजा बनेंगे।