
नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच रूसी सेना ने बड़ा दावा किया है। रूसी सेना का कहना है कि उसने यूक्रेन की राजधानी कीव के नियंत्रण वाले कुर्स्क क्षेत्र के सबसे बड़े शहर सुदझा पर कब्जा कर लिया है। समाचार एजेंसी एपी ने यह जानकारी दी है। अगर रूसी सेना के दावे में सच्चाई है कि उसने सुदझा शहर को अपने नियंत्रण में ले लिया है तो यह यूक्रेन के लिए एक बहुत बड़ा झटका है। रूसी सेना काफी समय से सुदझा पर कब्जे का प्रयास कर रही थी।
BREAKING: Russia’s military says it has taken over Sudzha, the biggest town in the Kursk region controlled by Kyiv. https://t.co/O2tKwQhlTV
— The Associated Press (@AP) March 13, 2025
रूस के रक्षा मंत्रालय की ओर से इससे पहले यह दावा किया गया था कि रूसी सैनिकों ने सुदझा के उत्तर और उत्तर-पश्चिम में चार गांवों को अपने कब्जे में ले लिया है। अब रूसी सेना ने पूरे सुदझा शहर को अपने नियंत्रण में लेने की बात कही है। आपको बता दें कि अगस्त 2024 में रूस के द्वारा सीमा पार से किए गए हमले के बाद ही यूक्रेन के सैनिकों ने सुदझा शहर पर नियंत्रण कर लिया था। उसके बाद से सुदझा पर कब्जे को लेकर रूसी और यूक्रेनी सैनिक आमने-सामने थे। रूस के सहयोगी उत्तर कोरिया देश के सैनिक भी सुदझा पर कब्जे वाले ऑपरेशन में शामिल थे।
रूसी सेना की तरफ से यह दावा ऐसे समय में किया गया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध विराम के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को चेताया है। ट्रंप ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यूक्रेन के साथ युद्धविराम से अब अगर रूस ने इनकार किया तो यह रूस के लिए विनाशकारी कदम साबित होगा। एक दिन पहले ही सउदी अरब में यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक में 30 दिनों के युद्ध विराम की शर्तों को मानने पर सहमति जताई है। हालांकि रूस की तरफ से अभी तक युद्धविराम या ट्रंप की चेतावनी को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।