Putin Slams West: ‘तुमने भारत को लूटा’, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने ये कहकर पश्चिमी देशों को लगाई जमकर फटकार

पुतिन ने यूरोपीय देशों के बारे में कहा कि भारत और अफ्रीका के देशों को पश्चिमी देशों ने लूटा। मध्यकाल की औपनिवेशिक नीति के तहत गुलामों का व्यापार किया, अमेरिका के मूल निवासी रेड इंडियंस की हत्या की और चीन के खिलाफ ब्रिटेन और फ्रांस ने जंग लड़ी और तमाम देशों को नशे की गिरफ्त में झोंक दिया। उन्होंने यूरोप को चेतावनी भी दी है।

Avatar Written by: October 1, 2022 9:42 am
putin slams west main

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन शुक्रवार को फुल मूड में दिखे। उन्होंने यूक्रेन के चार इलाकों लुहांस्क, दोनेत्स्क, खेरसॉन और जापरोजिया को अपने देश के साथ मिलाने का एलान किया। यूक्रेन के ये चार इलाके उसके कुल क्षेत्रफल का 15 फीसदी हैं। पुतिन ने आगाह किया कि इन इलाकों पर अब किसी तरह का हमला रूस पर हमला माना जाएगा। इस मौके पर उन्होंने यूरोपीय देशों को जमकर फटकार लगाई। पुतिन ने इसके लिए भारत का नाम भी लिया। यूक्रेन के इन चारों इलाकों में पिछले दिनों जनमत संग्रह हुआ था। पुतिन ने क्रेमलिन में एक कार्यक्रम के दौरान इसका एलान किया। उन्होंने कहा कि यूरोपीय देश अपने फायदे के लिए किसी भी देश में सत्ता विरोधी आंदोलनों को भड़काते हैं। वहां की सरकारों को गिराने की ताक में लगे रहते हैं।

putin slams west 1

पुतिन ने यूरोपीय देशों के बारे में कहा कि भारत और अफ्रीका के देशों को पश्चिमी देशों ने लूटा। मध्यकाल की औपनिवेशिक नीति के तहत गुलामों का व्यापार किया, अमेरिका के मूल निवासी रेड इंडियंस की हत्या की और चीन के खिलाफ ब्रिटेन और फ्रांस ने जंग लड़ी और तमाम देशों को नशे की गिरफ्त में झोंक दिया। पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देशों ने सबको जानबूझकर अतिवादी बनाया और जानवरों की तरह इंसानों का शिकार किया। उन्होंने पश्चिमी देशों के ऐसे काम को प्रकृति, न्याय, सच्चाई और आजादी के खिलाफ बताया। पुतिन ने यूक्रेन को बातचीत का भी ऑफर दिया, लेकिन ये भी साफ कर दिया कि रूस अब किसी कीमत पर उसके चारों मिलाए गए हिस्सों को वापस नहीं करने वाला है। रूस पहले ही यूक्रेन के क्रीमिया पर कब्जा कर चुका है।

ukraine russia war

जब पुतिन पश्चिमी देशों को फटकार लगा रहे थे, तो रूस की सेना जापरोजिया पर हमला भी कर रही थी। जापरोजिया पर हमले की बात यूक्रेन ने कही और बताया कि वहां जाता संघर्ष में 30 लोगों की मौत हुई है और 88 अन्य घायल हुए हैं। जापरोजिया के गवर्नर ओलेक्जांद्र स्तारुख के मुताबिक काफी लोग काफिला बनाकर रूसी इलाके की तरफ जा रहे थे, जब उनपर हमला किया गया। यूक्रेन के कई और शहरों में भी रूस की तरफ से हमले किए जाने की खबर है।