newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Salman Rushdie: लेखक सलमान रुश्दी ने गंवाई एक आंख की रोशनी, हाथ भी नहीं कर रहा काम, चाकू से हुआ था हमला

रुश्दी की किताब शैतान की आयतें पर दुनियाभर में बवाल मचा था। 80 के दशक में ईरान के तब सर्वोच्च नेता रहे अयातुल्लाह खुमैनी ने रुश्दी की हत्या का फतवा जारी किया था। यानी करीब 33 साल बाद रुश्दी पर हमला किया गया। रुश्दी की इस किताब को ईशनिंदा बताया गया था। 75 साल की उम्र के सलमान रुश्दी मूल रूप से भारतीय हैं।

न्यूयॉर्क। सेलेब्रिटी राइटर सलमान रुश्दी के बारे में बड़ी खबर है। चाकू से हमले की वजह से उनकी एक आंख की रोशनी चली गई है। उनका एक हाथ भी काम नहीं कर रहा है। न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम के दौरान दो महीने पहले 75 साल के रुश्दी पर चाकू से हमला किया गया था। रुश्दी के एजेंट एंड्रू वाइली ने स्पेन के अखबार ‘एल पेस’ को बताया कि रुश्दी को उस हमले में कितनी चोट लगी थी। वाइली के मुताबिक हमले में सलमान रुश्दी को गंभीर चोट आई थी। उनके गले में तीन गहरे घाव थे। हाथ की नसें कट जाने से उसने काम करना बंद कर दिया। वाइली ने अखबार को बताया कि लेखक के सीने और धड़ में 15 जगह घाव थे।

salman rushdie

अगस्त में सलमान रुश्दी पर चाकू से हमला हुआ था। उनको गंभीर हालत में न्यूयॉर्क के ही एक हॉस्पिटल ले जाया गया था। उनकी आंख से खून बह रहा था। गले से भी खून निकला था। चाकू का वार रोकने की वजह से हाथ में भी जख्म हुए थे। एक ईरानी युवक ने रुश्दी पर हमला किया था। उसने कहा था कि रुश्दी ने अपनी किताब ‘शैतान की आयतें’ में पैगंबर का अपमान किया। इसी की सजा देने के लिए उसने रुश्दी पर चाकू से वार किए। हमलावर को पुलिस ने मौके से ही चाकू समेत धर दबोचा था।

salman rushdie attacker

रुश्दी की किताब शैतान की आयतें पर दुनियाभर में बवाल मचा था। 80 के दशक में ईरान के तब सर्वोच्च नेता रहे अयातुल्लाह खुमैनी ने रुश्दी की हत्या का फतवा जारी किया था। यानी करीब 33 साल बाद रुश्दी पर हमला किया गया। रुश्दी की इस किताब को ईशनिंदा बताया गया था। रुश्दी मूल रूप से भारतीय हैं। फतवा जारी होने के बाद वो काफी समय अज्ञातवास पर भी रहे थे। उनकी किताब शैतान की आयतें भारत में भी बैन है।