newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Haj Saudi Arab : हज पर जाने वाले यात्रियों को सऊदी सरकार ने दिया बड़ा तोहफा, जा सकेंगे भारी तादाद में लोग, नियमों में किए ये फेरबदल

Haj Saudi Arab : कोरोना महामारी के चलते हाल के सालों में केवल 18 से 65 वर्ष की आयु के लोग ही हज में शामिल हो सकते थे। सऊदी अरब ने यह भी सीमित कर दिया था कि कौन सी निजी कंपनियां हज के लिए यात्रा की व्यवस्था कर सकती हैं। 

नई दिल्ली। सऊदी अरब सरकार ने दुनिया भर के मुसलमानों के लिए एक बड़ा तोहफा दिया है। हज पर जाने वाले यात्रियों के लिए सऊदी अरब सरकार ने एक बड़ी रियायत करते हुए ऐलान किया है कि अब पहले से अधिक संख्या में वहां जायरीनों को जाने का मौका मिलेगा। सऊदी अरब ने पिछले तीन साल से जायरीनों की संख्या पर लगाई पाबंदी को हटा दिया है। सऊदी अरब के इस ऐलान के बाद जितनी संख्या में कोरोना महामारी के पहले जायरीन हज यात्रा पर जाया करते थे, अब उतनी ही तादाद में जा सकेंगे। इसके साथ ही सऊदी अरब की सरकार ने आयु सीमा को भी हटा दिया है।

आपको बता दें कि दुनियाभर में फैली कोरोना महामारी से पहले 2019 में करीब 25 लाख जायरीन हज यात्रा पर गए थे। हालांकि, महामारी की वजह से साल 2020 और 2021 में जायरीनों की संख्या में भारी गिरावट आई थी। साल 2019 में 24 लाख जायरीन हज करने पहुंचे थे। हालांकि, 2020 में महामारी की वजह से लगाए गए लॉकडाउन के मद्देनजर सऊदी अरब ने हज यात्रियों की संख्या को सिर्फ 1000 तक सीमित कर दिया। यह कदम अभूतपूर्व था, क्योंकि 1918 की फ्लू महामारी के दौरान भी ऐसा नहीं किया गया था,जब दुनिया भर में करोड़ों लोगों की जान बीमारी से चली गई थी। साल 2021 में सऊदी अरब के करीब 60 हजार निवासियों को हज यात्रा की इजाजत दी गई। पिछले साल करीब 10 लाख जायरीन हज पर गए थे।

इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री तौफीक बिन फवजान अल-रबिया ने पाबंदियों को हटाने की घोषणा की। रियाद में अल-रबियाह ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, “मैं इस बैठक में आपके लिए दो अच्छी खबरें लेकर आया हूं। पहला- हज यात्रियों की महामारी के पहले की तादाद की वापसी बिना उम्र संबंधी किसी पाबंदी के है और दूसरा- दुनिया भर के किसी भी हज मिशन को किसी भी लाइसेंस प्राप्त कंपनी से करार की अनुमति देना, जो उन देशों के हज यात्री की जरूरतों को पूर्ण करती हो।” गौर करने वाली बात ये है कि कोरोना महामारी के चलते हाल के सालों में केवल 18 से 65 वर्ष की आयु के लोग ही हज में शामिल हो सकते थे। सऊदी अरब ने यह भी सीमित कर दिया था कि कौन सी निजी कंपनियां हज के लिए यात्रा की व्यवस्था कर सकती हैं।