newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

T20 World Cup Winner India Team In Trouble: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद अचानक मुश्किल में घिरी भारतीय टीम!, देश लौटने की राह में ‘बेरिल’ बना बाधा

T20 World Cup Winner India Team In Trouble: पहले खबर आई थी कि भारतीय टीम बुधवार को देश लौटेगी। न्यूयॉर्क जाकर वहां से फ्लाइट के जरिए रोहित शर्मा और बाकी खिलाड़ियों को भारत लौटना था। बताया जा रहा है कि अब बेरिल की वजह से भारतीय टीम के सदस्य बारबाडोस में ही फंस गए हैं।

बारबाडोस। टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम मुश्किल में घिर गई है। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भातीय क्रिकेट टीम के भारत लौटने की राह में बड़ी बाधा आ गई है। भारतीय टीम को न्यूयॉर्क होते हुए लौटना था, लेकिन बेरिल नाम के काफी खतरनाक चक्रवात के कारण बारबाडोस में ही टीम के सदस्यों को फिलहाल रहना पड़ रहा है। अभी मौसम के खतरनाक होने के कारण बारबाडोस में सभी को घरों और होटल में ही रहने के लिए कहा गया है।

पहले खबर आई थी कि भारतीय टीम बुधवार को देश लौटेगी। न्यूयॉर्क जाकर वहां से फ्लाइट के जरिए रोहित शर्मा और बाकी खिलाड़ियों को भारत लौटना था। मैच के बाद ही सुपर चक्रवात बेरिल की वजह से भारतीय टीम बारबाडोस से नहीं निकल पा रही है। चक्रवात के थमने के बाद ही भारतीय टीम के अब देश लौटने की संभावना है। बेरिल चक्रवात के कारण बारबाडोस का एयरपोर्ट बंद है और कोई भी फ्लाइट टेकऑफ या लैंडिंग नहीं कर पा रही है। मीडिया की खबरों के मुताबिक अब बेरिल चक्रवात के थमने के बाद भारतीय टीम एक चार्टर्ड विमान से सीधे बारबाडोस से भारत लौटेगी। भारतीय टीम कब बारबाडोस से निकलेगी, इसका पता अभी नहीं चला है।

बेरिल नाम का चक्रवात कैटेगरी 4 का बन गया है। इसके कारण 130 मील प्रति घंटे की हवा चल रही है। बेरिल चक्रवात के कारण जमकर बारिश भी होने के आसार जताए जा रहे हैं। अमेरिका के कई इलाकों और कैरेबियाई देशों में बेरिल के कारण आपातकाल जैसी हालत है। इस मौसम में अमेरिका और आसपास के देशों में हर साल ही चक्रवात आते हैं। इन चक्रवातों के कारण भारी बारिश और जलभराव के अलावा तेज हवा के कारण संपत्ति को काफी नुकसान भी उठाना पड़ता है। अब देखना है कि बेरिल चक्रवात कब शांत होता है और भारतीय टीम किस दिन देश लौट पाती है।