
लिस्बन/एथेंस। यूरोप में लगातार आतंकी अपनी पैठ बना रहे हैं। ऐसे में आए दिन हत्या और खूनखराबा हो रहा है। ऐसी ही घटना मंगलवार को पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हुई। अधिकारियों के मुताबिक एक व्यक्ति ने बड़े चाकू से गोदकर दो महिलाओं की हत्या कर दी और कई को घायल कर दिया। घटना इस्माइली मुस्लिम सेंटर पर हुई। अधिकारियों के मुताबिक ये आतंकी घटना होने का शक है। वहीं, ग्रीस की राजधानी एथेंस में अधिकारियों की तेजी से बड़ी आतंकी घटना होने से बच गई। पुलिस के मुताबिक एथेंस में यहूदी रेस्तरां और कुछ अन्य जगह हमले की साजिश रची गई थी। आतंकियों ने बड़े पैमाने पर आम लोगों की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में पाकिस्तानी मूल के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद बताया कि इनके रिश्ते एक आतंकी संगठन से हैं। एक अन्य ग्रीस से बाहर है। उसके रिश्ते भी इन्हीं दोनों गिरफ्तार लोगों से हैं। एथेंस के पुलिस अफसरों ने मीडिया को बताया कि अभी गिरफ्तार लोगों की पहचान सुरक्षा कारणों से नहीं बताई जा सकती, लेकिन दोनों ही पाकिस्तानी मूल के हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आतंकी अवैध तरीके से पड़ोसी देश तुर्की के रास्ते ग्रीस में घुसे थे। वे पिछले 4 महीने से एथेंस में थे। पुलिस ने इस मामले में एथेंस के अलावा दक्षिणी ग्रीस और जेकिन्थोस द्वीप पर तलाशी अभियान चलाया।
एथेंस पुलिस के मुताबिक दोनों को अगर तत्काल गिरफ्तार न किया गया होता, तो वे आतंकी घटना को अंजाम तक पहुंचा देते। दोनों का इरादा पहले यहूदी रेस्तरां पर हमले का था। पुलिस के मुताबिक इसके साथ ही अन्य जगहों पर हमले का खाका इन लोगों ने खींच लिया था। जिससे बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान करने का इरादा था। पुलिस के मुताबिक इन दोनों गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकियों का नेटवर्क दूसरे देशों में भी फैला है। इनसे पूछताछ की जा रही है।