नई दिल्ली। अगर आप भारत में हैं और डोनाल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह लाइव देखना चाहते हैं, तो सारी जानकारी इस खबर में है। डोनाल्ड ट्रंप आज अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। अमेरिका में ईस्टर्न टाइम के मुताबिक दोपहर 12 बजे डोनाल्ड ट्रंप शपथ लेंगे। उस वक्त भारत में रात के 10.30 बज रहे होंगे। डोनाल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण C-SPAN.org और इसके यूट्यूब चैनल, ABC News Live, NBC News Now, CBS News 24/7 की वेबसाइट और यूट्यूब चैनल, MSNBC के यूट्यूब चैनल, CNN, Fox News, NYT app और इनकी वेबसाइट व यूट्यूब चैनल पर आप लाइव देख सकेंगे।
डोनाल्ड ट्रंप पहले भी अमेरिका का राष्ट्रपति पद संभाल चुके हैं। वो 2017 से 2020 तक अमेरिका के राष्ट्रपति थे। इस बार डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन प्रत्याशी के तौर पर निवर्तमान उप राष्ट्रपति और डेमोक्रेटिक पार्टी उम्मीदवार कमला हैरिस को अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में पराजित किया है। डोनाल्ड ट्रंप का नारा हमेशा ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति पद का शपथ लेने से पहले इसी नाम से विक्ट्री रैली भी की। अपनी विक्ट्री रैली में डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वो यूक्रेन युद्ध रुकवाएंगे। साथ ही तीसरा विश्व युद्ध भी नहीं होने देंगे। डोनाल्ड ट्रंप पद संभालते ही 200 एक्जीक्यूटिव ऑर्डर भी जारी करने वाले हैं। इसके तहत अहम फैसले वो कर सकते हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने ये एलान भी किया है कि अमेरिका में गैंग चलाने वाले अवैध घुसपैठियों को वो चुन-चुनकर देश से बाहर निकालेंगे। इसके अलावा डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बताकर विवाद भी पैदा किया। ग्रीनलैंड को भी खरीदने की बात ट्रंप कर चुके हैं। सबकी नजर इस पर है कि अमेरिका का राष्ट्रपति पद संभालने के तुरंत बाद डोनाल्ड ट्रंप किन अहम आदेशों को जारी करते हैं। डोनाल्ड ट्रंप के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस होंगे। वो भी अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर काफी कट्टर रुख रखते हैं।