
नई दिल्ली। ईरान और इजरायल में जारी सैन्य संघर्ष के बीच परमाणु संपन्न देशों की एक सूची जारी की गई। फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स के डेटा के आधार पर सीएनएन की इस सूची में उन देशों के नाम बताए गए जिनके पास परमाणु हथियार हैं। इस सूची में 10वें स्थान पर जो नाम था उसको लेकर अब चर्चा छिड़ गई है। सीएनएन की लिस्ट के अनुसार ‘जेफ’ के पास 10 परमाणु हथियार हैं। अब हर कोई यह जानने में लगा हुआ है कि आखिर ये ‘जेफ’ है कौन और इसके पास 10 परमाणु हथियार क्यों हैं? क्या यह कोई कोई व्यक्ति या कोई संगठन है, इसे किसने बनाया, इस तरह के बहुत से सवाल लोगों के मन उठ रहे हैं। आइए आपको इसके बारे में पूरी जानकारी देते हैं।
‘जेफ’ न तो किसी व्यक्ति का नाम है और न ही यह कोई संगठन है। दरअसल यह ‘ज्वाइंट इवैल्यूएटेड फिशन एंड फ्यूजन प्रोजेक्ट’ (जेईएफएफ) का शॉर्ट फॉर्म है। यह ओईसीडी परमाणु ऊर्जा एजेंसी (एनईए) के द्वारा बनाई गई एक परमाणु डेटा लाइब्रेरी है। जेफ परमाणु प्रतिक्रिया डेटा को संकलित करता है और वास्तव में इसके पास कोई परमाणु हथियार नहीं है। अब सवाल यह उठता है कि अगर ऐसा है तो फिर सीएनएन की लिस्ट में इसका नाम कैसे आ गया? तो इसका जवाब यह है कि संभवत: लेबलिंग में गलती के चलते ऐसा हुआ है।
परमाणु संपन्न 9 देशों के नाम
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार परमाणु जानकारी संबंधी डेटा जुटाने वाले जेफ को गलती से परमाणु हथियारों वाली इकाई के रूप में परिभाषित कर दिया गया और परमाणु संपन्न देशों की लिस्ट में डाल दिया गया। आपको बता दें कि सीएनएन की सूची में जिन 9 परमाणु संपन्न देशों का नाम है उनमें सबसे ज्यादा परमाणु हथियार रूस के पास हैं जबकि दूसरे नंबर अमेरिका है। इस लिस्ट में फ्रांस, चीन, यूके, भारत, पाकिस्तान, इजरायल और उत्तर कोरिया शामिल हैं।