newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Who Is Vaniya Agarwal In Hindi? : कौन हैं वानिया अग्रवाल? जिसने गाजा में नरसंहार के चलते छोड़ दी माइक्रोसाफ्ट, कंपनी पर लगाया गंभीर आरोप

Who Is Vaniya Agarwal In Hindi? : वानिया ने माइक्रोसॉफ्ट की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन किया। वानिया ने गाजा में इजरायल के द्वारा किए गए नरसंहार के लिए माइक्रोसॉफ्ट कंपनी को जिम्मेदार ठहराया। उसने कहा कि मैं ऐसी कंपनी के लिए काम नहीं कर सकती और अपना इस्तीफा दे दिया।

नई दिल्ली। वानिया अग्रवाल नाम की भारतीय मूल की अमेरिकी सॉफ्टवेयर इंजीनियर को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा छाई हुई है। दरअसल गाजा में युद्ध  के कारण वानिया अग्रवाल ने ना सिर्फ माइक्रोसॉफ्ट कंपनी छोड़ दी बल्कि कंपनी के सीईओ सत्या नडेला, पूर्व सीईओ बिल गेट्स और स्टीव बाल्मर पर निशाना साधा। वानिया ने माइक्रोसॉफ्ट की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन किया। वानिया ने गाजा में इजरायल के द्वारा किए गए ‘नरसंहार’ के लिए माइक्रोसॉफ्ट कंपनी को जिम्मेदार ठहराया। उसने कहा कि मैं ऐसी कंपनी के लिए काम नहीं कर सकती और अपना इस्तीफा दे दिया।

वानिया ने कहा कि इजरायल ने फिलिस्तीनियों की हत्या के लिए माइक्रोसॉफ्ट की तकनीक का इस्तेमाल किया है। इतना ही नहीं वानिया ने यह भी आरोप लगाया कि माइक्रोसॉफ्ट और इजरायली रक्षा मंत्रालय के बीच 133 मिलियन डॉलर का सौदा हुआ है। जिसके बाद इजरायल के रक्षा मंत्रालय द्वारा फिलिस्तीनियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में माइक्रोसॉफ्ट की टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हो रहा है। साथ ही कंपनी पर मानवाधिकार उल्लंघन में का भी आरोप लगाया है। वानिया ने कंपनी की 50वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम के दौरान अचानक खड़े होकर विरोध जताना शुरू कर दिया।

वानिया ने कंपनी के आलाधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गाजा में फिलिस्तीनी नागरिकों के खून पर जश्न मनाने के लिए आप सभी को शर्म आनी चाहिए। अपने इस्तीफे में वानिया ने लिखा कि मैं अपने विवेक से ऐसी कंपनी का हिस्सा नहीं बन सकती जो नरसंहार में शामिल हो। वानिया अग्रवाल ने अमेरिका की एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी से सॉफ्टवेयर इंजीनियर की डिग्री हासिल की है और अमेरिका के वॉशिंगटन में रहती हैं। साल 2023 में वानिया ने माइक्रोसॉफ्ट कंपनी ज्वाइन की थी। यहां वो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डिवीजन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर नियुक्त की गई थीं। इससे पहले वो अमेजन में काम करती थीं।