newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

दिल्ली में कोरोना से पीड़ित 78 फीसदी लोग घरों में आइसोलेट होने को मजबूर, लगातार बढ़ रही है टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए लोगों की संख्या

दिल्ली में सभी 11 जिले कोरोनावायरस की चपेट में हैं। अब तक कुल 188 कंटेनमेंट जोन बन चुके हैं। चिंताजनक बात यह है कि जितने टेस्ट किए जा रहे हैं उनमें पॉजिटिव आने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है।

नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना का कहर लगातार भयावह होता जा रहा है। कोरोना के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं। बेड और वेंटिलेटर की घोर कमी है। नतीजा यह है कि अधिकतर लोगों को घरों में ही आइसोलेट किया गया है। आंकड़ों के मुताबिक कोरोना से प्रभावित 78 फ़ीसदी लोग ऐसे हैं जिन्हें उनके घरों में ही आइसोलेट किया गया है। दिल्ली में अब तक कोविड-19 के आंकड़े 31309 हो चुके हैं।

delhi corona

इनमें से 18543 मामले अभी भी एक्टिव हैं। दिल्ली सरकार के 9 जून तक जारी डेथ बुलेटिन के मुताबिक अब तक 905 मौतें हो चुकी हैं। अहम बात यह है कि अब तक दिल्ली में 14556 लोगों को घरों में ही आइसोलेट किया गया है। यह संख्या दिल्ली के कुल कोरोना प्रभावित लोगों की संख्या का 78 फ़ीसदी है।

दिल्ली में सभी 11 जिले कोरोनावायरस की चपेट में हैं। अब तक कुल 188 कंटेनमेंट जोन बन चुके हैं। चिंताजनक बात यह है कि जितने टेस्ट किए जा रहे हैं उनमें पॉजिटिव आने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। नॉर्थ वेस्ट दिल्ली और वेस्ट दिल्ली में अब तक कोविड टेस्ट में 23 फीसदी लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।


सेंट्रल दिल्ली में कुल टेस्ट के 24.35 फीसदी लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। नॉर्थ ईस्ट में 29 फीसदी और साउथ ईस्ट में 42 पीसदी आबादी कोरोना के टेस्ट में पॉजिटिव निकली है। जबकि शाहदरा में 33 फ़ीसदी लोग कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं।