newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Amritpal Singh: खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह पंजाब की खडूर साहिब सीट से लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरा, सिमरनजीत सिंह मान और पूर्व प्रत्याशी ने दिया समर्थन

Amritpal Singh: अमृतपाल सिंह ने नामांकन पत्र के साथ जो हलफनामा दिया है, उसमें उसने खुद की संपत्ति 1000 रुपए बताई है। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह ने हलफनामा में बताया है कि वो परिवार पर आश्रित है। अमृतपाल सिंह ने बताया है कि वो 10वीं पास है। उसकी पत्नी के पास 18 लाख रुपए की संपत्ति है।

खडूर साहिब। खालिस्तान का समर्थक अमृतपाल सिंह लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरा है। उसे अकाली दल (सिमरनजीत) के चीफ और खालिस्तान की बात कहने वाले सिमरनजीत सिंह मान ने पंजाब की खडूर साहिब सीट पर समर्थन दिया है। पिछला चुनाव लड़ने और 2 लाख वोट हासिल करने वाली परमजीत कौर खालड़ा का भी अमृतपाल सिंह को समर्थन मिला है। अमृतपाल के चाचा ने उसका नामांकन पत्र दाखिल किया है।

अमृतपाल सिंह ने नामांकन पत्र के साथ जो हलफनामा दिया है, उसमें उसने खुद की संपत्ति 1000 रुपए बताई है। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह ने हलफनामा में बताया है कि वो परिवार पर आश्रित है। अमृतपाल सिंह ने बताया है कि वो 10वीं पास है। वहीं, उसने अपनी पत्नी किरणदीप कौर के पास 18.37 लाख की संपत्ति होने की जानकारी दी है। किरणदीप कौर ब्रिटिश नागरिक है और पहले ब्रिटेन की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा में दुभाषिया के तौर पर काम करती थी। उसने अपने पास 14 लाख रुपए मूल्य के सोने के गहने होने की जानकारी दी है। साथ ही 417440 रुपए के बराबर ब्रिटिश करेंसी यानी पाउंड होना भी बताया है।

अमृतपाल सिंह अभी असम की डिब्रूगढ़ जेल में है। उसे राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी एनएसए के तहत गिरफ्तार किया गया था। अमृतपाल पर 12 केस हैं। उस पर आरोप है कि पंजाब के अजनाला थाने से अपने दोस्त लवप्रीत सिंह तूफान को रिहा कराने के लिए अपने समर्थकों के साथ हमला किया। पंजाब पुलिस ने लवप्रीत तूफान को तो छोड़ दिया था, लेकिन फिर अमृतपाल सिंह और उसके संगठन वारिस पंजाब दे के सदस्यों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा था। अमृतपाल सिंह के कई साथी गिरफ्तार हुए थे। अमृतपाल सिंह इस दौरान फरार हो गया था। उसे 2 महीने तक तलाशने के बाद पंजाब पुलिस मोगा के एक गुरुद्वारा से गिरफ्तार कर सकी थी। अमृतपाल सिंह ने लोकसभा चुनाव का नामांकन दाखिल करने के लिए जमानत मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने उसकी अर्जी को खारिज कर दिया था। अब अमृतपाल जेल से ही लोकसभा चुनाव लड़ेगा।