newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi : जनता का सपना ही मोदी का संकल्प, राजस्थान के कोटपुतली में बोले प्रधानमंत्री, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया

PM Modi : प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश के किसानों को पूछा तक नहीं, जबकि मोदी ने राजस्थान के 85 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत लगभग 20 हजार करोड़ रुपए भेजे हैं।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के कोटपुतली में आयोजित चुनावी रैली में कांग्रेस पर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि आज देश की सियासत दो धुरों पर टिकी है। एक तरफ देश को‌ परिवार मानने वाली भाजपा है और दूसरी तरफ अपना परिवार बड़ा मानने वाली कांग्रेस है। पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ देश के विकास के संकल्प को लेकर आगे बढ़ने वाली भाजपा है तो दूसरी तरफ देश को लूटने वाली कांग्रेस है। पिछली सरकारों ने जिसे पूछा तक नहीं मोदी ने उसे पूजा है। कांग्रेस ने देश के किसानों को पूछा तक नहीं जबकि मोदी ने राजस्थान के 85 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत लगभग 20 हजार करोड़ रुपए भेजे हैं।

आजादी के बाद 60 साल तक देश में जो गरीबी रही उसके लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। यह कांग्रेस के कारण ही था कि भारत प्रौद्योगिकियों और रक्षा उपकरणों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था। कांग्रेस ने हमारे सशस्त्र बलों को कभी भी ‘आत्मनिर्भर’ नहीं बनने दिया। कांग्रेस के शासन में भारत हथियारों के सबसे बड़े आयातक के रूप में जाना जाता था। हालाँकि, भाजपा के शासन में, भारत अब हथियारों का निर्यातक बन रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि ये चुनाव भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए है। ये चुनाव भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने के लिए है। ये चुनाव भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश के लिए नहीं अपने स्वार्थ के लिए लड़ रहे हैं। वे परिवारवादी पार्टियां अपने परिवारों को बचाने के लिए लड़ रही हैं।

मोदी ने कहा कि हम कहते हैं भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं भ्रष्टाचार बचाओ। अब तय आपको करना है। मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि वह देश की हर समस्या की जड़ है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी तुम्हारी लगाई आग को बुझा रहा है। मोदी ने राजस्थान की जनता की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि राजस्थान के लोग हमेशा देश की मजबूती के लिए खड़े रहते हैं। जयपुर का जलवा और मिजाज तो जब फ्रांस के राष्ट्रपति आए तब दुनिया ने देखा था। उन्होंने कहा दाल बाटी चूरमा, वोटर हमारा सूरमा।