newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Lata Mangeshkar Birthday: लता मंगेशकर को दुनियाभर से मिल रही जन्मदिन की बधाई, पीएम मोदी ने फोन कर किया विश

Lata Mangeshkar Birthday: अपनी आवाज के बल पर लोगों के दिलों पर राज करने वाली, देश में कोयल कहलाने वाली, साल 2001 में सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न हासिल करने वाली लता मंगेश्कर आज अपना जन्मदिन मना रही है।

नई दिल्ली। अपनी आवाज के बल पर लोगों के दिलों पर राज करने वाली, देश में कोयल कहलाने वाली, साल 2001 में सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न हासिल करने वाली लता मंगेश्कर आज अपना जन्मदिन मना रही है। इस अवसर पर लोग उन्हे बधाई दे रहे हैं। बता दें लता मंगेश्कर एक ऐसी जीवित हस्ती हैं जिनके नाम से पुरस्कार दिए जाते हैं। लता मंगेशकर के लिए गाना पूजा के समान है इसलिए वह जब भी रिकॉर्डिंग करती हैं हमेशा नंगे पैर ही गाती हैं।

लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर साल 1929 को इंदौर में मशहूर संगीतकार दीनानाथ मंगेशकर के घर में हुआ था। लता जी ने अपनी आवाज से बहुत छोटी उम्र में ही गायकी में महारत हासिल कर ली थी। आज उनके जन्मदिन के अवसर पर उन्हे देश और दुनिया से बधाई के संदेश मिल रहे हैं।

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लता मंगेशकर को जन्मदिन की बधाई दी है। पीएम मोदी ने लता दीदी को फोन करके जन्मदिन की बधाई दी, इसके साथ ही  ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, ‘आदरणीय लता दीदी को जन्मदिन की बधाई। आपकी सुरीली आवाज पूरी दुनिया में गूंजती है। भारतीय संस्कृति के प्रति आपकी विनम्रता और जुनून के लिए आपका सम्मान किया जाता है। व्यक्तिगत रूप से, आपका आशीर्वाद महान शक्ति का स्रोत है। मैं लता दीदी के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं’।

तो वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, सादगी व सौम्यता की प्रतिमूर्ति स्वर कोकिला आदरणीय लता मंगेशकर दीदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित करता हूँ। लता दीदी ने अपनी मधुर आवाज से भारतीय संगीत को पूरे विश्व में गुंजायमान किया है। आप सदैव स्वस्थ रहें व दीर्घायु हों ऐसी ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

singer lata mangeshkar

बता दें कि साल 2001 में लता मंगेशकर को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा गया था। उन्होंने 36 भारतीय भाषाओं में गाने रिकॉर्ड कराए हैं। लता मंगेशकर ने सिर्फ हिंदी भाषा में ही 1,000 से ज्यादा गीतों को अपनी आवाज दी है। गौरतलब है कि साल 1989 में उन्हे दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।