
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बुधवार शाम मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक बेंगलुरु में हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आईपीएल टीम के फैंस की उम्र 40 साल से भी कम है। मृतकों में एक तो 13 साल की है। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ के मृतकों में 13 साल की दिव्यांशी है। इसके अलावा 20 साल के प्रज्ज्वल, 32 साल की डोरेशा, 19 साल की चिन्मयी, 17 साल के शिवलिंगा, 20 साल के भूमिक, 29 साल की देवी, 20 साल के श्रवण, 25 साल की सहाना, 33 साल के मनोज और 27 साल की अक्षता ने भी बेंगलुरु में हुई भगदड़ में अपनी जान गंवा दी।
जानकारी के मुताबिक चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हादसे का शिकार लोग अपने दोस्तों के साथ आरसीबी की आईपीएल 2025 में जीत का जश्न मनाने पहुंचे थे। कई लोग बेंगलुरु के पास के जिलों से भी चिन्नास्वामी स्टेडियम आए थे। इस मामले में अभी तक मिली जानकारी के अनुसार खराब योजना, अंतिम समय तक लिए जा रहे फैसले और आरसीबी के फैंस की लाखों में जुटी भीड़ हादसे का कारण रही। सिद्धारामैया सरकार ने पहले आरसीबी की टीम का विधानसभा परिसर में स्वागत किया। वहां तमाम वीवीआईपी मौजूद थे। नतीजे में उनकी सुरक्षा के लिए अच्छी-खासी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई थी। इससे चिन्नास्वामी स्टेडियम में जब 2 से 3 लाख की भीड़ उमड़ी, तो वहां उसे कंट्रोल करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कम पड़ गई।
बताया जा रहा है कि बेंगलुरु पुलिस ने पहले सुरक्षा कारणों से आरसीबी टीम के विक्ट्री परेड को मंजूरी नहीं दी थी। इसके बावजूद कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन और कार्यक्रम कराने वालों ने विक्ट्री परेड निकालने का फैसला किया। आरसीबी ने दोपहर 3.14 बजे सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि विक्ट्री परेड होगी। इसके अलावा चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रवेश के लिए सीमित संख्या में फ्री पास की जानकारी भी दी गई। इसकी वजह से मौके पर बड़ी तादाद में लोग जुट गए। चिन्नास्वामी स्टेडियम के भीतर घुसने के लिए आरसीबी के फैंस ने बैरिकेड तोड़े, गेट फांदे और अचानक बड़ी संख्या में लोग सामने आ गए। जिससे तमाम लोग धक्का खाकर नीचे गिरे और भगदड़ मचने से जान गंवा बैठे।