
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार रात भीषण हादसा हुआ। यहां इस्कॉन ब्रिज पर पहले एक डंपर और थार गाड़ी टकरा गए। इस हादसे के बाद यहां भीड़ जुटी। तभी तेज रफ्तार जगुआर कार चलाकर एक शख्स आ गया। इस शख्स ने अपनी जगुआर से 1 पुलिसकर्मी और होमगार्ड के 1 जवान समेत कई लोगों को रौंद दिया। दोनों जवानों समेत 9 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई। 3 अन्य घायलों का सोला सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। अहमदाबाद के एसजी हाइवे पर हुए इस हादसे में जो जगुआर कार शामिल थी, उसकी रफ्तार घटना के वक्त 160 किलोमीटर प्रति घंटे की बताई जा रही है। जगुआर कार का चालक उसे तेज रफ्तार में राजपथ क्लब की तरफ से ला रहा था।
गुजरात: अहमदाबाद के सरखेज-गांधीनगर (एसजी) राजमार्ग पर इस्कॉन फ्लाईओवर पर एक दुर्घटना हुई। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। pic.twitter.com/Vy9IBuCOEK
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 20, 2023
जगुआर कार की रफ्तार कितनी थी, ये इसी से पता चलता है कि टक्कर लगने के बाद लोग कई फिट दूर जाकर गिरे। कुछ लोग तो 30 फिट की दूरी तक मिले। पुलिस अभी इस मामले में जांच कर रही है। उसका कहना है कि मृत जवानों के अलावा बाकी लोगों की शिनाख्त की कोशिश जारी है। सभी मृतक अहमदाबाद के ही होने के आसार हैं। जगुआर कार के चालक से इस मामले में पूछताछ की जा रही है। पहली नजर में लग रहा है कि वो नशे में रहा होगा और तेज रफ्तार कार इसी वजह से हादसे का कारण बन गई।
देश में पहले भी इस तरह की तमाम घटनाएं हुई हैं, जब तेज रफ्तार गाड़ियों की वजह से लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है। ऐसा एक मामला साल 2002 में उस वक्त सुर्खियों में आया था, जब एक्टर सलमान खान की गाड़ी से मुंबई में फुटपाथ पर सो रहे लोग कुचले गए थे। तब आरोप लगा था कि सलमान खान नशे में गाड़ी चला रहे थे। हालांकि, बाद में उनके ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त गाड़ी की स्टियरिंग उसके हाथ में ही थी और सलमान गाड़ी में नहीं थे।