
नई दिल्ली। मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में शनिवार की सुबह भीषण हादसा हो गया। यहां, यमुना एक्सप्रेस वे माइलस्टोन 68 पर आगरा से नोएडा की तरफ जा रही वैगनआर कार की आगे चल रहे अज्ञात वाहन से तेज टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार तीन महिलाओं समेत सात की मौत की खबर है। वहीं, एक बच्चा भी मृतकों में शामिल हैं। घटना में दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है मृतक हरदोई के संडीला क्षेत्र के गांव बहादुरपुर के रहने वाले हैं। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है साथ ही घटना में जान गंवाने वालों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शादी समारोह में जा रहे थे सभी
मिली जानकारी के अनुसार गांव बहादुरपुर निवासी लल्लू गौतम, उनके पुत्र राजेश, श्री गोपाल गौतम, संजय, संजय की पत्नी निशा, लल्लू की पत्नी छुटकी, राजेश की पत्नी नन्दनी, संजय के पुत्र धीरज और कृष कार में सवार थे। सभी शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से हरदोई से नोएडा जा रहे थे। तभी शनिवार सुबह करीब 5 बजे उनकी कार यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 68 के पास किसी अज्ञात वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हुए हैं।
आज सुबह नौहझील थाना क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा-यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक कार का अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। दुर्घटना में 3 पुरुष, 3 महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मृत्यु हो गई। एक पुरुष और एक बच्चा घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है: श्रीश चंद्र, एसपी ग्रामीण मथुरा pic.twitter.com/DrAVXIvSDb
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 7, 2022
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
#UPCM @myogiadityanath ने जनपद मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री जी ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) May 7, 2022