newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Arvind Kejriwal On Bihar Assembly Election: आम आदमी पार्टी चीफ अरविंद केजरीवाल ने बिहार विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने का किया एलान, कांग्रेस को खूब सुनाई खरी-खोटी

Arvind Kejriwal On Bihar Assembly Election: अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं है। इसी वजह से गुजरात की विसावदर सीट पर हम अलग लड़े। उन्होंने ये दावा भी किया कि ढाई साल बाद गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव को जीतेंगे। अरविंद केजरीवाल ने ये दावा भी किया कि पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की पराजय पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ऊपर-नीचे होता रहेगा।

अहमदाबाद। अरविंद केजरीवाल ने बिहार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को अकेले दम पर उतारने का एलान किया है। अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को अहमदाबाद में कहा कि इंडी गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए ही था। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी का किसी से कोई गठबंधन नहीं है। उन्होंने कहा कि गुजरात की विसावदर सीट पर हुए उप चुनाव में हमने कांग्रेस के मुकाबले तीन गुना ज्यादा वोट हासिल किया। जनता ने सीधा संदेश दिया है कि आम आदमी पार्टी ही अब विकल्प है। अरविंद केजरीवाल ने हालांकि ये नहीं बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के कितने उम्मीदवार उतरेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं है। इसी वजह से गुजरात की विसावदर सीट पर हम अलग लड़े। उन्होंने ये दावा भी किया कि ढाई साल बाद गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव को जीतेंगे। अरविंद केजरीवाल ने ये दावा भी किया कि पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की पराजय पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ऊपर-नीचे होता रहेगा। अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि 30 साल के शासन में गुजरात को बर्बाद करने में बीजेपी ने कसर नहीं छोड़ी। गुजरात में कांग्रेस की जीत के बारे में आम आदमी पार्टी के प्रमुख ने कहा कि पहला तो कांग्रेस का कोई उम्मीदवार जीतेगा नहीं और जीतने पर बीजेपी में चला जाएगा।

बता दें कि गुजरात की विसावदर सीट पर पहले भी आम आदमी पार्टी का विधायक चुना गया था। इस सीट से इस बार अरविंद केजरीवाल ने गोपाल इटालिया को उतारा था और उनकी जीत हुई है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट भी जीती है। इन दोनों जीत पर ही अरविंद केजरीवाल काफी उत्साहित दिख रहे हैं, लेकिन दिल्ली विधानसभा के चुनाव में पराजय आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका भी दे चुकी है। ऐसे में बिहार में अरविंद केजरीवाल अगर काफी सीट पर उम्मीदवार उतारते हैं, तो वहां का चुनावी समर रोचक बन सकता है। इससे कांग्रेस और आरजेडी के लिए मुश्किल भी बढ़ सकती है। क्योंकि एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी भी अपने प्रत्याशी उतारेंगे और जन सुराज बनाने वाले प्रशांत किशोर ने भी मैदान में उतरने का एलान कर ही रखा है।