newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

AAP: पंजाब में कानून व्यवस्था का बुरा हाल, क्या भगवंत मान पर भरोसा करके फंस गयी राज्य की जनता?

AAP: पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से वहां फेल कानून व्यवस्था सबसे बड़ा मुद्दा बन चुकी है। लगातार हो रही गैंगवार की घटनाओं ने आप सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कबड्डी खिलाड़ियों पर हमले हो रहे हैं उनकी मौत हो रही है लेकिन सीएम भगवंत मान पंजाब जीतने के बाद दूसरे राज्यों के भ्रमण पर हैं।

पंजाब एक ऐसा राज्य जहां इतिहास बदला गया। जनता ने ना बीजेपी को चुना, ना कांग्रेस को चुना और ना अकाली दल को चुना। जनता ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर भरोसा किया। जनता को ये लगा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद राज्य में खुशहाली आएगी। राज्य की खुशहाली हो या देश की खुशहाली हो ये तभी संभव है जब उसका उसका नेतृत्व करने वाला शख्स गंभीर हो। अगर नेतृत्व करने वाला शख्स गंभीर नहीं है तो खुशहाली कैसे आएगी ये बड़ा सवाल है। पंजाब में जनादेश के बाद भगवंत मान पंजाब के सीएम तो बन गए लेकिन पंजाब को लेकर कितना गंभीर हैं ये बड़ा सवाल है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से वहां फेल कानून व्यवस्था सबसे बड़ा मुद्दा बन चुकी है। लगातार हो रही गैंगवार की घटनाओं ने आप सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कबड्डी खिलाड़ियों पर हमले हो रहे हैं उनकी मौत हो रही है लेकिन सीएम भगवंत मान पंजाब जीतने के बाद दूसरे राज्यों के भ्रमण पर हैं।

mann and kejriwal

कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल की हत्या

10 मार्च को पंजाब में AAP की शानदार जीत के नतीजे आते हैं। महज 4 दिन बाद 14 मार्च को पंजाब के जालंधर में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी संदीप सिंह नंगल अंबियन की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। संदीप की उम्र 40 वर्ष थी। हत्या के बाद परिजन न्याय की गुहार लगाते दिखाई दिए थे।

बठिंडा में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान फायरिंग

14 मार्च के बाद कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान फिर फायरिंग की घटना सामने आती है। ये घटना 30 मार्च को होती है। जगह थी बठिंडा का गांव कोठा गुरु। रात में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान पांच युवक आए और गोलियां चलाने लगे। हांलाकि दहशत फैला रहे इन आरोपियों में विष्णु कुमार और सुरिंदर कुमार को पब्लिक ने दबोच लिया और जमकर पिटाई की।

गुरुदासपुर में अंधाधुंध चली गोलियां, कांग्रेस सरपंच के पति समेत 4 लोगों की हत्या

4 अप्रैल को अंधाधुंध गोलियां चलने का मामला गुरदासपुर से सामने आया। यहां के फुलड़ा गांव दिनदहाड़े गोलीकांड हुआ और 4 लोगों की मौत हो गई। सुबह के करीब 11 बजे कांग्रेस सरपंच लवली देवी पति सुखराज सिंह खेत पर थे। बताते हैं कि इसी दौरान होशियारपुर के दसूहा का रहने वाला निर्मल सिंह अपने साथियों के साथ खेत पर पहुंचता है और सुखराज सिंह को खेत में काम करने से मना करने लगता है। ये विवाद इतना बढ़ गया कि निर्मल सिंह के साथियों ने सुखराज सिंह पर गोलियां बरसा दीं। इस घटना में 4 लोगों की जान चली गई।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता विपन कुमार पर चली गोली

पंजाब में फायरिंग के जो मामले आए उनमें आम आदमी पार्टी के समर्थक भी चपेट में आए हैं। 4 अप्रैल को ही फगवाड़ा के मेहटा बाइपास के पास मोटरसाइकल पर सवार दो लोग आते हैं आप नेता विपन कुमार पर गोली चलाकर चले जाते हैं। राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार है और कानून व्यवस्था का क्या हाल है आप इस घटना से भी अंदाजा लगा सकते हैं।

कबड्डी खिलाड़ी धर्मेंद्र सिंह की हत्या

अब पटियाला जिले से कबड्‌डी टूर्नामेंट क्लब प्रधान की हत्या का मामला सामने आया। 5 अप्रैल की रात कबड्‌डी टूर्नामेंट क्लब प्रधान धर्मेंद्र सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी जाती है। धर्मेंद्र सिंह का घर गांव द्रोणकला में था। हत्या की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई जिसमे ये देखा गया कि नकाबपोश लोग धर्मेंद्र पर गोलियां चलाते हैं। पंजाबी यूनिवर्सिटी के पीछे पेट्रोल पंप के पास दो गुटों में झड़प होती है, और गोलीबारी शुरू हो जाती है इसमें गोली धर्मेंद सिंह को भी लगती है।

पंजाबी कॉमेडी फिल्मों के मशहूर कलाकार गुरतेज चित्रकार के ससुर छज्जा सिंह का कत्ल

गोलियों की तड़तड़ाहट के अलावा अब संगरूर से फिर एक हत्या की खबर से सनसनी फैल गई। 5 अप्रैल की रात को पंजाब के मशहूर कॉमेडी फिल्मों के कलाकार गुरतेज चित्रकार के ससुर छज्जा सिंह का कत्ल हो गया। उनकी कुल्हाड़ी से हत्या की गई।

लगातार गोलीबारी हत्याओं की घटनाओं से पंजाब की जनता दहशत में है। सीएम भगवंत मान को पंजाब में कानून का राज लाना चाहिए था। ये जिम्मेदारी है उनकी लेकिन भगवंत मान इस जिम्मेदारी से दूर आप सयोंजक केजरीवाल के साथ दूसरे राज्यों में सरकार के सपने बुन रहे हैं। चुनावी दौरा कर रहे हैं। पहले गुजरात पहुंचते हैं वहां की जनता से अपील करते हैं कि हमें एक बार सरकार बनाने का मौका चाहिए।

गुजरात से निकले तो हिमाचल पहुंच गए वहां भी रोड शो किया। सवाल यही है कि भगवंत मान साहब पंजाब कौन संभालेगा। क्या भगवंत मान साहब को पंजाब पर ध्यान नहीं देना चाहिए। पंजाब की कानून व्यवस्था को प्राथमिकता नहीं देनी चाहिए। पंजाब की जनता से जो वादे किए उन्हें पूरा करने की जगह दूसरे राज्यों के होने वाले चुनाव के लिए अभी से वोट मांगने पहुंच रहे हैं।

एक तरफ जहां पंजाब में कानून व्यवस्था का प्रश्न है वहीं दूसरी ओर नशे की वजह से भी कई युवाओँ की जान जा रही है। लेकिन भगवंत मान साहब के पास पंजाब पर ध्यान देने का वक्त ही नहीं। जिस चिट्टे से परेशान होकर पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी पर भरोसा किया वो भरोसा सीएम भगवंत मान और सीएम अरविंद केजरीवाल की मौजूदा गतिविधियों के चलते कायम रहेगा या नहीं ये देखना होगा। जीत का जश्न होना चाहिए भारत भ्रमण पर निकलने के लिए वक्त ही वक्त था। कहीं ये जल्दबाजी भगवंत पर भारी ना पड़ जाए।