newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Sambhal Shahi Jama Masjid: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हिंदू पक्ष की दलील मानते हुए संभल की शाही जामा मस्जिद को पहली बार ‘विवादित ढांचा’ कहा, पहले के आदेश में विवादित मस्जिद लिखा था

Sambhal Shahi Jama Masjid: हिंदू पक्ष का दावा है कि संभल में शाही जामा मस्जिद को मुगल बादशाह बाबर के दौर में साल 1526-1527 में बनाया गया। हिंदू पक्ष के मुताबिक बाबरनामा और अकबरनामा में ये बात दर्ज है कि संभल में प्राचीन मंदिर को गिराकर उसकी जगह शाही जामा मस्जिद बनाई गई। हिंदू पक्ष का दावा है कि संभल में जहां शाही जामा मस्जिद है, उस जगह भगवान विष्णु के कल्कि अवतार का मंदिर था। हिंदू पक्ष का ये भी कहना है कि प्राचीन ग्रंथों में कहा गया है कि संभल में ही कल्कि अवतार होगा।

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हिंदू पक्ष की दलील को मानते हुए संभल की शाही जामा मस्जिद को ‘विवादित ढांचा’ कहा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने संभल की जामा मस्जिद को पहली बार विवादित ढांचा कहा है। इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपने पिछले आदेश में यूपी के एडवोकेट जनरल की दलील को मानते हुए संभल की शाही जामा मस्जिद को ‘विवादित मस्जिद’ कहा था। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सोमवार को आदेश दिया है कि एएसआई नया हलफनामा दाखिल कर बताए कि संभल के विवादित ढांचे के बाहरी हिस्से में पुताई और अतिरिक्त सजावट व रोशनी की जरूरत है या नहीं। इस मामले में कल यानी 12 मार्च को सुनवाई होनी है।

हिंदू पक्ष का दावा है कि संभल में शाही जामा मस्जिद को मुगल बादशाह बाबर के दौर में साल 1526-1527 में बनाया गया। हिंदू पक्ष के मुताबिक बाबरनामा और अकबरनामा में ये बात दर्ज है कि संभल में प्राचीन मंदिर को गिराकर उसकी जगह शाही जामा मस्जिद बनाई गई। हिंदू पक्ष का दावा है कि संभल में जहां शाही जामा मस्जिद है, उस जगह भगवान विष्णु के कल्कि अवतार का मंदिर था। हिंदू पक्ष का ये भी कहना है कि प्राचीन ग्रंथों में कहा गया है कि संभल में ही कल्कि अवतार होगा। ऐसे में हिंदू पक्ष शाही जामा मस्जिद की जगह पर दावा कर रहा है। वहीं, मुस्लिम पक्ष इस दावे को गलत बता रहा है कि किसी मंदिर को गिराकर संभल की शाही जामा मस्जिद बनाई गई थी। संभल की शाही जामा मस्जिद का पहले स्थानीय कोर्ट के आदेश पर सर्वे भी किया जा चुका है, लेकिन अब मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में है।

संभल की शाही जामा मस्जिद का पहला सर्वे 19 नवंबर 2024 को हुआ था। फिर 24 नवंबर 2024 को संभल की मस्जिद का सर्वे किया गया। उसी दौरान जामा मस्जिद के बाहर उपद्रवियों की भीड़ जुटी और उन्होंने जमकर हिंसा की। पुलिस पर पथराव के साथ ही आगजनी और फायरिंग की गई। उपद्रवियों की फायरिंग से 4 लोगों की जान भी गई थी। हिंसा के मामले में संभल पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 50 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था। इसके बाद संभल में जगह-जगह पुलिस चौकियां बनाई जा रही हैं। शाही जामा मस्जिद के सामने भी नई पुलिस चौकी बनाई गई है।