newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bharuch Stone Pelting: गुजरात के भरूच में गणपति महोत्सव के दूसरी तरफ इस्लामी झंडा लगाने के बाद दो समुदायों के बीच पथराव, पुलिस के तुरंत एक्शन पर हालात कंट्रोल में; कुछ दिन पहले सूरत में भी हुई थी घटना

Bharuch Stone Pelting: गुजरात के सूरत में गणपति पंडाल पर पथराव की घटना के बाद अब भरूच में धार्मिक झंडा लगाने के मामले में 2 समुदाय के बीच पथराव होने की खबर है। भरूच पुलिस ने पथराव की खबर मिलते ही वहां पहुंचकर हालात को बिगड़ने से बचाया। इस घटना की जांच चल रही है।

भरूच। गुजरात के सूरत में गणपति पंडाल पर पथराव की घटना के बाद अब भरूच में धार्मिक झंडा लगाने के मामले में 2 समुदाय के बीच पथराव होने की खबर है। भरूच पुलिस ने पथराव की खबर मिलते ही वहां पहुंचकर हालात को बिगड़ने से बचाया। भरूच के डीएसपी मयूर चावड़ा के अनुसार मंगलवार रात 10.30 बजे पुलिस को खबर मिली कि दो समुदायों के लोग आपस में भिड़ गए हैं और पथराव किया जा रहा है। जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।

जानकारी के मुताबिक भरूच में जिस जगह सांप्रदायिक तनाव के कारण पथराव हुआ, वहां एक तरफ गणेश महोत्सव किया जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ कुछ लोगों ने इस्लामी झंडा लगा दिया। जिसके बाद विवाद शुरू हुआ और फिर दोनों तरफ से लोग जुटे और पथराव किया। फिलहाल यहां हालात काबू में हैं। बड़ी तादाद में पुलिस की तैनाती भी की गई है। बीते दिनों ही गुजरात के सूरत शहर में गणपति पंडाल पर पथराव की घटना हुई थी। उस मामले में पुलिस ने 27 लोगों को गिरफ्तार किया था। भरूच में हुए पथराव के बारे में पुलिस का कहना है कि अभी जांच चल रही है।

इससे पहले सूरत में गणपति पंडाल पर पथराव की घटना हुई थी।

इस साल गणपति उत्सव के दौरान मध्य प्रदेश के रतलाम में भी पथराव की घटना हुई थी। यहां गणपति की स्थापना के लिए निकल रहे जुलूस पर पथराव किया गया था। जिसमें एक युवक घायल हुआ था। इसके बाद उग्र भीड़ ने थाना घेर लिया था और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। मध्य प्रदेश पुलिस ने पथराव के आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था। गणेश उत्सव के दौरान पहले भी देश के तमाम राज्यों में उपद्रवी तत्वों की तरफ से पथराव किए जाने की घटनाएं होती रही हैं। पुलिस की चौकसी को धता बताकर ऐसे तत्व अब भी ऐसी घटनाएं कर शहरों और कस्बों में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करते हैं। रतलाम, सूरत और भरूच की घटनाएं इसी का उदाहरण हैं।