newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Pallavi Patel : अपना दल कमेरावादी ने कैंसिल की लोकसभा उम्मीदवारों की लिस्ट, तीन सीटों के लिए घोषित किए थे प्रत्याशी

Pallavi Patel : सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव के साथ मनमुटाव के बाद पल्लवी पटेल ने निशाना साधते हुए कहा था कि सपा प्रमुख ने हमारे साथ धोखा किया है। कांग्रेस बताए कि हम इंडिया गठबंधन में हैं या नहीं।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले यूपी में अपना दल कमेरावादी ने अपने सभी घोषित प्रत्याशियों का नाम वापस ले लिया है। पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट पर ये जानकारी साझा की गई है। पार्टी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव के लिए घोषित सीटों की सूची अग्रिम सूचना तक निरस्त की जाती है। शीघ्र संशोधित नई सूची जारी की जायेगी। आपको बता दें कि पार्टी नेता पल्लवी पटेल ने बीते दिनों मिर्जापुर, फूलपुर और कौशाम्बी लोकसभा सीट पर अपने तीन प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी थी। जिसको फिलहाल निरस्त कर दिया गया है।

इससे पहले शुक्रवार को पल्लवी पटेल ने प्रेस वार्ता के ज़रिए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा था। पल्लवी पटेल ने कहा था कि अखिलेश यादव की सार्वजनिक बयानबाजी के बाद अब उनके साथ गठबंधन में बने रहने की कोई गुंजाइश नहीं बची है। पार्टी उनके इस फैसले से हैरान भी है। अखिलेश यादव ने हमारे साथ धोखा किया है। उन्होंने गठबंधन बनाए रखने का वायदा कर चुनाव की घोषणा के बाद ऐन वक्त पर पल्ला झाड़ा है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस बताये कि हम इंडिया गठबंधन में है या नहीं। उन्होंने बताया था कि पार्टी के नेता शनिवार दोपहर तक आगे की रणनीति तय करेंगे। पल्लवी के इसी बयान को देखते हुए ऐसा माना जा रहा है कि या तो उनकी कांग्रेस आलाकमान से सीटों को लेकर कोई बात हुई है या उन्होंने इंडिया गठबंधन से अलग होने का फैसला कर लिया है। हालांकि पल्लवी पटेल ने अपने उम्मीदवारों की सूची क्यों निरस्त की इसकी जानकारी तो उनके अगले कदम के बाद ही सामने आएगी। आपको बता दें कि अपना दल कमेरावादी द्वारा तीन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि अपना दल कमेरावादी के साथ 2022 में गठबंधन था लेकिन 2024 में नहीं है।