Connect with us

देश

Kanpur: यूपी में सपा के विधायक इरफान सोलंकी फंसे, कानपुर में बांग्लादेशियों को भारतीय पासपोर्ट और दस्तावेज दिलाने का आरोप

अवैध तौर पर देश में घुसे बांग्लादेशियों को फर्जी तौर पर नागरिकता दिलाने में यूपी में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इरफान सोलंकी फंस गए हैं। इरफान सोलंकी पर आरोप है कि उन्होंने बांग्लादेशियों को भारत का नागरिक बताते हुए अपने लेटरहेड पर आधार और अन्य सरकारी दस्तावेज देने की संस्तुति की।

Published

sp mla irfan solanki uttar pradesh kanpur

कानपुर। अवैध तौर पर देश में घुसे बांग्लादेशियों को फर्जी तौर पर नागरिकता दिलाने में यूपी में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इरफान सोलंकी फंस गए हैं। एक अन्य मामले में जेल में बंद इरफान सोलंकी पर ताजा आरोप ये है कि उन्होंने बांग्लादेशियों को भारत का नागरिक बताते हुए अपने सरकारी लेटरहेड पर आधार और अन्य सरकारी दस्तावेज देने की संस्तुति की। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने रविवार को मूलगंज थाना क्षेत्र से कई बांग्लादेशियों को पकड़ा था। जिसके बाद इरफान सोलंकी पर आरोप लगा है। गिरफ्तार लोगों में एक शख्स, उसकी पत्नी, बुजुर्ग ससुर और दो बच्चे हैं। इनके पास से फर्जी भारतीय पासपोर्ट, बांग्लादेश का पासपोर्ट, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज के साथ नागरिक होने के तौर पर इरफान सोलंकी का दिया पत्र भी मिला है। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों से 14 लाख से ज्यादा की नकदी भी बरामद की है।

arrested bangladeshi in kanpur

कानपुर के ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर (कानून और व्यवस्था) आनंद प्रकाश तिवारी ने ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मूलगंज थाना इलाके के पॉश मेस्टन रोड से रिजवान मोहम्मद, उसकी पत्नी हिना खालिद, हिना के पिता खालिद माजिद और 2 बच्चों को पकड़ा गया। इनके पास से 13 फर्जी पासपोर्ट, 5 आधार कार्ड, शिक्षा प्रमाण पत्र, सोने के गहने, विदेशी मुद्रा और 14 लाख से ज्यादा की करेंसी मिली। ज्वॉइंट कमिश्नर के मुताबिक सपा विधायक इरफान सोलंकी और पार्षद मन्नी रहमान ने रिजवान को भारतीय नागरिक बताने वाली चिट्ठी भी दी थी। जबकि, वो बांग्लादेश के खुलना का रहने वाला है। वो वीजा पर भारत आया था और फिर वापस ही नहीं गया।

पुलिस के मुताबिक इन्हीं चिट्ठियों की मदद से आरोपियों ने आधार कार्ड और भारतीय पासपोर्ट हासिल किए। अब मन्नी और इरफान से दस्तखत लेकर इन चिट्ठियों के दस्तखत से पुलिस मिलान कराने वाली है। अगर दस्तखत मिल जाते हैं, तो सपा विधायक इरफान सोलंकी और पार्षद मन्नी पर भी संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस को सभी बांग्लादेशियों के बारे में मुखबिरों से सूचना मिली थी। जिसके बाद उन्हें धरा गया और फिर ठिकानों पर छानबीन की गई। सारे दस्तावेज और नकदी वहां से मिली। रिजवान ने बताया है कि वो 1996 में वीजा पर भारत आया था। हिना भी घुसपैठिया है। दोनों ने 1998 में शादी कर ली थी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement